*पी एम श्री जेएनवी विद्यालय कबीरधाम में मॉडल यूथ ग्राम सभा का हुआ आयोजन*
*यूरिया की उपलब्धता, दुग्ध सहकारी संस्थान, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कबीरधाम में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और स्थानीय स्वशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा’ (MYGS) का आयोजन किया गया। विद्यालय के सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उनके समाधान के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य के स्वागत भाषण और स्थानीय स्वशासन के महत्व पर चर्चा के साथ हुई। मुख्य अतिथि एवं सरपंच श्री कमलेश निषाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेगा वारते ने की। ग्राम सभा में किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कृषि विभाग के समक्ष विषय रखने का संकल्प लिया गया। स्थानीय दुग्ध उत्पादक किसानों को उचित मूल्य और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुग्ध सहकारी संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया। शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने, कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करने और विद्यार्थियों को करियर परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के पेंशन आवेदनों के सत्यापन और आधार सीडिंग में सहायता के लिए पंचायत सचिव के माध्यम से हेल्प डेस्क स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया।
स्वच्छता, पौधरोपण और डिजिटल सुविधाओं पर भी दिए सुझाव
खुले सत्र में विद्यार्थियों ने कचरा पृथक्करण, पौधरोपण और डिजिटल नोटिस बोर्ड जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीण समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए सामूहिक चर्चा एवं निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थी सचिव ने ग्राम सभा की कार्यवाही दर्ज की। रोशनी छेदावी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक निर्णय प्रक्रिया और सामुदायिक सहभागिता का व्यावहारिक अनुभव मिला।





