चिरमिरी भरतपुर:संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जनकपुर की बेटी दर्शना सिंह ने इतिहास रच दिया. शुक्रवार को घोषित हुए परिणामों में दर्शना सिंह ने 383वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित हुईं. दर्शना सिंह की सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है.
दर्शना सिंह बनी आईपीएस, सीएम और मंत्री ने दी बधाई
दर्शना सिंह की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया. रिश्तेदार, मित्र, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से दर्शना सिंह से बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बातचीत के दौरान कहा कि दर्शना सिंह की यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि छोटे जिले से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है, यह प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी.
यूपीएससी में शानदार सफलता हासिल कर आपने अपने माता-पिता, एमसीबी जैसे छोटे जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है. आपकी मेहनत को नमन करते हैं. यह जानकर बहुत अच्छा लगा कि आपने इतनी बड़ी सफलता हासिल की है. आगे भी इसी तरह उड़ान भरते रहिए. छत्तीसगढ़ के ये सितारे अब राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे:विष्णु देव साय, सीएम
बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं दर्शना
मुख्यमंत्री ने कहा, दर्शना सिंह की सफलता यह साबित करती है कि यदि दृढ़ संकल्प और मेहनत हो तो छोटे से छोटे स्थान से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं.
दर्शना सिंह की इस उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों और युवाओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है. लोग इसे “भगवानपुर और जनकपुर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पल” बता रहे हैं. परिवारजनों ने बताया कि दर्शना शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. अब उनका सपना एक ईमानदार और समर्पित आईपीएस अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना है.




