मौसम विभाग ने पहाड़ों से लेकर मैदानों तक अगले कुछ दिनों में मौसम का ऐसा रौद्र रूप देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में मौसम विकराल रूप लेने वाला है. उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि (Hailstorm) का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है.
क्यों बिगड़ा है मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अफगानिस्तान के ऊपर एक बेहद सक्रिय और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) बना हुआ है. इसका असर इतना व्यापक है कि इसने जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक के मौसम को अपनी चपेट में ले लिया है. सिर्फ इतना ही नहीं, विभाग ने चेतावनी दी है कि यह सिर्फ शुरुआत है; 26 से 28 जनवरी के बीच एक और तीव्र विक्षोभ दस्तक देगा, जो गणतंत्र दिवस के जश्न में खलल डाल सकता है.
पहाड़ों पर ‘आफत’ की चेतावनी
पहाड़ी राज्यों में हालात सबसे ज्यादा खराब होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है. कश्मीर घाटी में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं. यहां गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में राज्यों के ऊंचे इलाकों में 23 जनवरी को भारी बर्फबारी हो सकती है. सैलानियों को खास एहतियात बरतने की सलाह दी गई है क्योंकि बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है.
मैदानों में ‘आफत की बिजली’
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में मौसम का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने पंजाब के लेकर बिहार तक मौसम की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब से दिल्ली तक हल्की बारिश होने की संभावना है. साथ ही कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
पंजाब में मौसम विभाग की चेतावनी है. मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार यानी 23 जनवरी को भारी बारिश होने की संभावना है. तेज हवाओं के साथ ओले गिरने से फसलों को नुकसान हो सकता है. वहीं, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम खराब रहेगा. दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हरियाणा में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. 23 जनवरी को यहां गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड फिर से लौट सकती है.
यूपी-बिहार से राजस्थान तक मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के पश्चिम से लेकर पूर्व तक के मैदानी हिस्सों के चेतावनी जारी किया है. मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार और पूर्वी यूपी में शनिवार को बारिश होने की संभावना है. वहीं, राजस्थान में भी तूफानी हवाओं के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने बताया कि बिहार के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है.





