फिरोजाबाद: सावन और हरियाली तीज का त्योहार आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है. खासकर महिलाओं के सोलह श्रृंगार में शामिल कांच की चूड़ियों की मांग बढ़ने लगती है. सुहाग की निशानी मानी जाने वाली इन चूड़ियों को लेकर सुहाग नगरी फिरोजाबाद में भी खास तैयारी देखने को मिल रही है. यहां चूड़ी बाजार में हरियाली तीज और सावन को देखते हुए हरे रंग की कांच की चूड़ियों का नया कलेक्शन उतारा गया है, जो महिलाओं को काफी पसंद आ रहा है.
फिरोजाबाद की चूड़ी मार्केट में इन दिनों हरे रंग की चूड़ियों की कई वैरायटी दुकानों पर सजी हुई हैं. दूर से ही इनकी चमक और डिजाइन लोगों का ध्यान खींच रही है. महिलाएं सावन के लिए इन खास डिजाइन वाली हरी चूड़ियों की जमकर खरीदारी कर रही हैं.
जरकन, नग और जरी वर्क वाली चूड़ियों की बढ़ी मांग
फिरोजाबाद गली इमामबाड़ा स्थित नौशाद बैंगल स्टोर के संचालक ने बताया कि हरियाली तीज और सावन को देखते हुए हरे कांच की चूड़ियों का नया कलेक्शन बाजार में आया है. हर साल सावन में हरे रंग की चूड़ियों की मांग बढ़ती है और इस बार भी महिलाएं नई डिजाइन को काफी पसंद कर रही हैं. उन्होंने बताया कि इस बार जरकन, नग और जरी वर्क वाली हरी चूड़ियां ज्यादा पसंद की जा रही हैं. कांच की चूड़ियों पर जरकन का काम और अलग-अलग डिजाइन इन्हें खास बना रहा है. वहीं जरी वर्क वाली चूड़ियां पहनने के बाद कलाई की खूबसूरती और बढ़ जाती है. इसके अलावा साधारण हरी चूड़ियों की भी अच्छी मांग बनी हुई है.
12 रुपये दर्जन से शुरू है कीमत
चूड़ी व्यापारी के मुताबिक फिरोजाबाद की गली इमामबाड़ा चूड़ियों की बड़ी होलसेल और रिटेल मार्केट है. यहां अलग-अलग डिजाइन और कीमत में चूड़ियां उपलब्ध हैं. हरे कांच की चूड़ियों की शुरुआत करीब 12 रुपये प्रति दर्जन से होती है, जबकि डिजाइन और वर्क के हिसाब से इनकी कीमत 120 रुपये प्रति दर्जन तक पहुंच जाती है.
उन्होंने बताया कि होलसेल में भी इन चूड़ियों की काफी खरीदारी हो रही है. सावन और तीज को देखते हुए आसपास के इलाकों के अलावा दूर-दूर से ग्राहक फिरोजाबाद की चूड़ी मार्केट पहुंच रहे हैं. कांच की इन रंग-बिरंगी चूड़ियों की खनक एक बार फिर बाजारों में सुनाई देने लगी है





