रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार से समर्थन मूल्य परे धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, बस्तर, धमतरी सहित सभी जिलों के उपार्जन केंद्रों में तौल पूजा के साथ खरीदी का शुभारंभ हुआ। धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पोस्ट कर अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा धान खरीदी किसान भाइयों की मेहनत और सरकार पर उनके विश्वास का उत्सव है।
बता दें कि सरकार 25 लाख से ज्यादा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करेगी। किसानों को 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से पैसा मिलेगा। सरकार ने प्रदेश भर में धान खरीदी के लिए उपार्जन केन्द्रों में पूरी तैयारी कर रखी है। किसानों को टोकन के लिए मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है जिससे कि घर बैठे ही टोकन ले सकेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में धान खरीदी के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता न बरते जाने का निर्देश भी दिया गया है। साथ ही सीमावर्ती जिलों से धान के अवैध परिवहन को रोकने चेकपोस्ट पर निगरानी तेज करने का निर्देश दिया गया है। सरकार द्वारा धान के अवैध भंडारण पर भी कड़ी नजर रखने निर्देश भी दिया है।
किसानों की मेहनत का सम्मान ही हमारा संकल्प
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि आज भोर की पहली सुनहरी किरणों के साथ आज छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इसे किसानों की मेहनत और सरकार पर उनके विश्वास का उत्सव बताते हुए कहा कि राज्य सरकार धान खरीदी को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रूप में संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि धान खरीदी की सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर ली गई हैं और प्रदेश के सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ पूरी तरह सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

पारदर्शिता और किसान-हित ही हमारी प्राथमिकता
धान खरीदी व्यवस्था को तकनीक-सक्षम बनाते हुए सरकार ने इस वर्ष तुँहर टोकन एप, जीपीएस आधारित परिवहन, सतर्क एप, और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसे आधुनिक सिस्टम लागू किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कदम पर हमारी प्राथमिकता किसानों को सुविधा, सम्मानजनक खरीदी और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का अटूट विश्वास ही छत्तीसगढ़ की प्रगति की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की आत्मा हमारे किसान हैं। आज शुरू हो रही धान खरीदी उनके परिश्रम को सम्मान देने का अवसर है। धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर में किसानों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया और मजबूत तकनीकी व्यवस्था से इस बार की खरीदी और अधिक सहज और व्यवस्थित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि का यह सफर आज फिर एक नई उम्मीद और किसानों के अटूट विश्वास की रोशनी के साथ आगे बढ़ रहा है।
The post छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू : सीएम ने कहा किसानों का सरकार पर विश्वास का उत्सव appeared first on ShreeKanchanpath.




