दिल्ली की हवा दमघोंटू हो गई है। दिल्ली का एक्यूआई 366 अंक रिकॉर्ड किया गया है। दिल्ली के 13 इलाकों में एक्यूआई 400 अंकों को पार कर गंभीर स्तर में पहुंच गया है। आगे क्या संकेत? इस रिपोर्ट में जानें…दिल्ली की हवा एक बार फिर दमघोंटू हो गई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 366 अंक दर्ज किया गया। आलम यह है कि दिल्ली के 13 इलाकों में एक्यूआई 400 को पार कर गंभीर स्तर में पहुंच गया। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पलूशन से राहत के संकेत नहीं दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की धीमी स्पीड के कारण हालात और भी खराब हो गए हैं।
366 पर एक्यूआई
दिल्ली में सुबह के समय हवा की रफ्तार पांच किलोमीटर प्रति घंटा से भी कम हो गई थी। इसके चलते सुबह आठ बजे के आसपास दिल्ली का एक्यूआई 386 पर जा पहुंचा। हालांकि जैसे-जैसे धूप तीखी होती गई धुंध छटने लगी। साथ ही हवा की रफ्तार में भी इजाफा हुआ। नतीजतन शाम को दिल्ली का औसत एक्यूआई 366 अंक रिकॉर्ड किया गया जो गंभीर श्रेणी के करीब है।
गंभीर श्रेणी में 13 इलाकों की हवा
रविवार शाम चार बजे दिल्ली के 13 इलाकों में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। दिल्ली का एक्यूआई 400 अंक से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के चांदनी चौक में एक्यूआई 416 अंक, वजीरपुर में 427, बुराड़ी क्रॉसिंग में 408, आरके पुरम 416 और विवेक विहार में 412 अंक रिकॉर्ड किया गया।
राहत के नहीं हैं आसार
मौसम के कारकों और दिल्ली में प्रदूषण के स्रोतों की वजह से लोगों को अभी साफ हवा मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार, चार नवंबर तक हवा की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है। अगले तीन-चार दिन हवा की रफ्तार भी 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है।
आठ तारीख तक कैसा रहेगा हाल?
दिल्ली में हवा की स्पीड धीमी रहने के कारण प्रदूषक कणों का विसर्जन धीमा होगा। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में 4 और 5 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि दोनों ही दिन दिल्ली में सुबह और शाम को धुंध या स्मॉग देखे जाने का अनुमान है। 5 नवंबर के बाद दिल्ली में बादल नहीं दिखेंगे लेकिन 8 नवंबर तक सुबह और शाम के वक्त स्मॉग का प्रकोप देखा जा सकता है।





