मध्यप्रदेश में 15 लाख युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली है। यह जानकारी मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस संगठन चुनाव के जिले वार आंकड़ों के जारी होने के बाद सामने आई है। आश्चर्य की बात यह है कि सीएम डॉ मोहन यादव के गृह क्षेत्र से 74 हजार युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली है। इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व सीएम कमलनाथ के यहां 3700 के करीब सदस्य बने हैं और उमंग सिंघार के धार क्षेत्र में 55 हजार युवा कांग्रेस के सदस्य बने हैं। सबसे कम हरदा में 574 सदस्य बनाये गए हैं। एमपी में यह सदस्य कांग्रेस सशक्त और प्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव के चलते बनाये गए हैं। इस चुनाव प्रक्रिया में एक सदस्य को 6 उम्मीदवारों को वोट देना होता है।
सबसे अधिक उज्जैन में बने सदस्य
उज्जैन शहर दक्षिण के विधायक और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन से सबसे अधिक 74 हजार युवाओं ने युवा कांग्रेस की सदस्यता लेते हुए कांग्रेस की चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया है। आश्चर्य की बात यह है कि उज्जैन जिले में भाजपा के 5 विधायक भारी मतों से जीतकर आये हैं। उसके बाद भी प्रदेश में सबसे ज्यादा 74 हजार सदस्य कांग्रेस ने बना लिए। हालांकि एक चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा से मात्र 3,287 युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली है।
इंटरव्यू के माध्यम से अध्यक्ष का चयन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि युवाओं से संपर्क करते हुए उनके पास पहुंचे, और कांग्रेस की नीतियों के बारे बताया। इसके बाद युवा कांग्रेस सदस्य बनने को तैयार हुए। युवा कांग्रेस के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने बताया कि स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश और जिला स्तर की कार्यकारिणी के परिणाम जारी किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष का चयन इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें पहले दिन सबसे अधिक मत प्राप्त करने वाले शीर्ष प्रत्याशियों को आमंत्रित किया जाएगा। सितंबर माह तक मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति कर दी जाएगी।

क्या बोले मुकेश भाटी
उज्जैन शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत और सशक्त बनाने को लेकर युवा कांग्रेस के चुनाव कराए जा रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता जिले वार युवाओं के पास पहुंचकर सदस्य बना रहे हैं। जो भी युवा सदस्य बनता है, पहले उसकी सहमति ली जाती है और सदस्य बनने के बाद वह युवक कांग्रेस के उम्मीदवारों को वोट करता है, यह प्रक्रिया पिछले महीनों से चल रही थी। आने वाले दिनों में चुनाव होंगे, जिसमें बने सदस्य वोट करेंगे।