*
*मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी करने वाले साथियों के साथ पूर्व में भी शामिल था आरोपी जयंत चन्द्राकर।*
*मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी करने वाले 03 साथियों पर पूर्व में हो चुकी है कार्यवाही,04 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के परिजनों को दी गई थी, अंतिम चेतावनी*
*जातिसूचक अपमानजनक गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पिपरिया पुलिस ने किया गिरफ्तार।*
*आरोपी थाना पिपरिया का नामजद गुंडा-बदमाश, 06 आपराधिक मामले एवं 07 से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियाँ हैं दर्ज।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना पिपरिया क्षेत्र में जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पिपरिया पुलिस ने आरोपी जयंत चन्द्राकर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। आरोपी पूर्व में मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी एवं हुड़दंग करने वाले अपने साथियों के साथ भी शामिल रहा है, जिनके विरुद्ध पिपरिया पुलिस द्वारा पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा चुकी है।
प्रकरण के अनुसार, दिनांक- 27.10.2026 को प्रार्थी नितेश ध्रुव पिता नीलमणी ध्रुव, उम्र 23 वर्ष, निवासी कृतबांधा ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि संजय चन्द्राकर एवं मिठलू चन्द्राकर द्वारा उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर दांत से काटकर चोट पहुंचाई गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। उक्त घटना के बाद जब प्रार्थी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था, उसी दौरान आरोपी जयंत चन्द्राकर ने भी उसे जातिसूचक अपमानजनक शब्द कहकर अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की रिपोर्ट एवं विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी जयंत चन्द्राकर का नाम भी प्रकरण में शामिल कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।
*आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि एवं गिरफ्तारी*
आरोपी जयंत चन्द्राकर पिता भरत चन्द्राकर, उम्र 33 वर्ष, निवासी विपतरा, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम थाना पिपरिया का नामजद गुंडा-बदमाश है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से 06 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट एवं हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उसके विरुद्ध 07 से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियाँ भी की जा चुकी हैं।
घटना के बाद से आरोपी अपने निवास से फरार था। उसकी पतासाजी के लिए पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी दौरान दिनांक 09.11.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कवर्धा बस स्टैंड में फरार होने के लिए बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर थाना पिपरिया पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ एवं विधिसम्मत प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात दिनांक 09.11.2026 को दोपहर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
*मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी करने वाले 03 साथियों पर पूर्व में हो चुकी है कार्यवाही,04 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के परिजनों को दी गई थी, अंतिम चेतावनी*
उल्लेखनीय है कि थाना पिपरिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी एवं हुड़दंग करने वाले इसी गैंग के तीन अन्य साथी मुकेश धुर्वे पिता चतुर धुर्वे, उम्र 19 वर्ष, निवासी कोयलारी; लक्ष्मण चन्द्राकर पिता जलेश्वर चन्द्राकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुआं एवं धनराज चन्द्राकर पिता रामजी चन्द्राकर, उम्र 22 वर्ष, निवासी कृतबांधा के विरुद्ध पूर्व में दिनांक 01.11.2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्यवाही कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। इसी गैंग में शामिल 04 नाबालिग बालकों के परिजनों को भी समझाइश देकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने के संबंध में अंतिम चेतावनी दी गई थी।
*सराहनीय भूमिका-*
उक्त कार्यवाही में जिले के वरिष्ठ अधिकारी गणपति के दिशा निर्देश पर थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक श्री नितिन तिवारी एवं थाना पिपरिया पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में जातिगत अपमान, धमकी, गैंगबाजी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुरूप सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान एवं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता है।
*कबीरधाम पुलिस का संदेश एवं आम नागरिकों से “अपील”*
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जातिगत भेदभाव, अपमानजनक भाषा, गाली-गलौज, मारपीट, धमकी एवं गैंगबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहें। युवा अपने साथियों के दबाव अथवा गलत संगति में आकर कानून का उल्लंघन न करें तथा अभिभावक भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और उन्हें अनुशासन एवं कानून के प्रति सम्मान की सीख दें। किसी भी व्यक्ति के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाना अथवा भय का वातावरण निर्मित करना कानूनन अपराध है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जिले में शांति, सद्भाव एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें।





