*
*मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट एवं फिरौती वसूलने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार।*
*जंगल में व्यापारियों से नगदी एवं मोबाइल लूटकर मांगी थी 05 लाख रुपये की फिरौती, जबरन बैंक खाते में ट्रांसफर कराए 90 हजार रुपये।*
*घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल, 03 मोबाइल फोन एवं 25 हजार रुपये नगद सहित कुल 1,42,000/- रुपये की संपत्ति जप्त।*
कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक डॉ. श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्रीमती प्रमिला मंडावी के पर्यवेक्षण में थाना भोरमदेव पुलिस द्वारा मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट एवं लूटपाट करने तथा जबरन बैंक खाते में फिरौती की रकम ट्रांसफर कराने के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 02.11.2026 को ग्राम रौचन निवासी प्रार्थी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे एवं शिव प्रसाद के साथ खरीदे हुए 09 नग मवेशियों को बिक्री के लिए ग्राम सारसडोल, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे। रात्रि लगभग 09 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास मवेशियों सहित विश्राम के दौरान ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने प्रार्थी कुलेश्वर विश्वकर्मा के पास से 10 हजार रुपये एवं मोबाइल फोन, उसके साथी शिव प्रसाद के पास से 40 हजार रुपये एवं मोबाइल फोन तथा गुनु धुर्वे के पास से 20 हजार रुपये नगद जबरन लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने तीनों व्यापारियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले जाकर पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की। बातचीत के बाद आरोपियों ने अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर कराए। फिरौती की रकम प्राप्त होने के बाद आरोपियों ने तीनों व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर दिनांक 08.11.2026 को थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 309(6), 140(3), 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना भोरमदेव पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं साक्ष्य संकलन की कार्यवाही प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं उसके साथियों के कथन दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं पतासाजी की। संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नगदी रकम तथा बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।
*जप्ती का विवरण –* आरोपी कामू बैगा के कब्जे से बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89,000 रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट एवं एक मोबाइल फोन कीमत 40,000 रुपये बरामद किया गया।
आरोपी चंदन सिंह धुर्वे के कब्जे से 10,000 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन कीमत 6,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल कीमत 20,000 रुपये बरामद की गई।
आरोपी महेश धुर्वे के कब्जे से 5,000 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन कीमत 1,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल कीमत 50,000 रुपये बरामद की गई।
आरोपी सुरेश धुर्वे के कब्जे से 10,000 रुपये नगद बरामद किए गए।
इस प्रकार आरोपियों के कब्जे से कुल 25,000 रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन कीमत 47,000 रुपये तथा दो मोटरसाइकिल कीमत 70,000 रुपये, कुल 1,42,000 रुपये की संपत्ति जप्त की गई। इसके अतिरिक्त बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89,000 रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जप्त किया गया।
प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर चारों आरोपियों को दिनांक 09.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
*गिरफ्तार आरोपीगण के नाम एवं पता –*
1. कामू बैगा पिता चैतराम बैगा, उम्र 30 वर्ष।
2. चंदन सिंह धुर्वे पिता स्व. बुधराम धुर्वे, उम्र 54 वर्ष।
3. महेश धुर्वे पिता उदेराम धुर्वे, उम्र 22 वर्ष।
4. सुरेश धुर्वे पिता रतन धुर्वे, उम्र 37 वर्ष।
चारों आरोपी निवासी ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव, जिला कबीरधाम के हैं।
*सराहनीय भूमिका –* उक्त प्रकरण में थाना प्रभारी भोरमदेव निरीक्षक श्री लालमन साव, एएसआई श्री दिनेश झरिया, एएसआई श्री संजीव तिवारी, साइबर टीम, महिला प्रधान आरक्षक श्रीमती सुखबती भलावी, आरक्षक रूबी राय, आरक्षक राम यादव एवं आरक्षक अभिनय तिवारी सहित थाना भोरमदेव पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
*कबीरधाम पुलिस की अपील –* कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों एवं मवेशी व्यापारियों से अपील करती है कि मवेशियों के क्रय-विक्रय एवं परिवहन के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की धमकी, मारपीट, लूटपाट अथवा जबरन वसूली की घटना होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि समय रहते पुलिस सहायता एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।





