जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के कुनकुरी में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा से लौट रहे यात्रियों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 24 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 5 की हालत गंभीर है। यह हादसा थाना क्षेत्र के हर्राडांड़ के पास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार पिकअप में पकरीकछार गांव के करीब 35 लोग सवार थे। सभी कुनकुरी में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन काफी तेजी में था और इस वजह से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 24 यात्री घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। एम्बुलेंस की कमी के कारण पुलिस ने अपनी गाड़ियों से घायलों को होलीक्रॉस अस्पताल पहुंचाया। कुनकुरी के शासकीय अस्पताल के डॉ. शेरा टेप्पो ने बताया कि 24 घायलों में से 5 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इन सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। कुनकुरी पुलिस जांच में जुट गई है।

The post CG News : पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 24 यात्री घायल, 5 की हालत गंभीर appeared first on ShreeKanchanpath.