नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता और धमकी देने के मामले में आम आदमी पार्टी के नेता सुरजीत ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला डॉक्टर से बहसलूकी के बाद डॉक्टरों की एकजुटता और विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने आप नेता को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नारायणपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 3-LCG, 132-BNS, 296-BNS, 332(c)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
बता दें यह पूरा मामला 18 फरवरी 2025 की रात का है। डॉ. दीक्षा बघेल इमरजेंसी ड्यूटी पर थीं। रात 10 बजे, उन्हें आईसीयू में भर्ती गंभीर सिर की चोट और हाइपोवोलमिक शॉक से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए बुलाया गया। उसी समय सुरजीत ठाकुर अपने बच्चे को दस्त की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे। चूंकि मामला आपातकालीन नहीं था, इसलिए डॉक्टर ने प्राथमिकता के आधार पर मरीजों को देखने की व्यवस्था की। इस पर सुरजीत ठाकुर आक्रोशित हो गए और जबरन आईसीयू में घुस गए। उन्होंने महिला डॉक्टर के साथ गाली-गलौज की, धमकियां दीं और अपने राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए उन्हें ट्रांसफर करवाने, सस्पेंड करवाने और बाहर देख लेने जैसी बातें कहीं। यह पूरी घटना अस्पताल के आईसीयू, गलियारों और पुलिस हेल्प डेस्क के सामने हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।
डॉक्टरों के विरोध के बाद हुई गिरफ्तारी
इस घटना के बाद महिला डॉक्टर खुद को असुरक्षित समझने लगीं। इससे अस्पताल के अन्य डॉक्टरों में भी भय का माहौल बन गया। डॉक्टरों ने इस घटना के विरोध में एकजुट होकर प्रशासन से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। इस मामले में पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की गई। डॉक्टरों के इस सामूहिक विरोध और पुलिस प्रशासन की तत्परता के चलते आरोपी सुरजीत ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद डॉक्टरों ने जताया संतोष
गिरफ्तारी के बाद डॉक्टरों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि भविष्य में चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर और भी ठोस कदम उठाए जाएँगे। डॉक्टरों की एकता और प्रशासन की कार्रवाई से यह संदेश गया कि चिकित्सकीय सेवाओं में बाधा डालने और डॉक्टरों से दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
The post नारायणपुर जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर से बदसलूकी, डॉक्टरों के विरोध के बाद आप नेता गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.