रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के पूर्व सदस्य और भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल व्यास का 93 वर्ष की आयु में आज निधन हो गया। कुछ दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। गोपाल व्यास के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबके अभिभावक और पथ प्रदर्शक, मध्य क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र प्रचारक, पूर्व सांसद गोपाल व्यास जी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोकाकुल हूं। वृहद भाजपा परिवार के भी प्रेरणापूंज ‘शीरू भैयाÓ का निधन वास्तव में त्याग, तपस्या, कर्मठता और सादगी के एक युग का अवसान जैसा ही है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि व्यास जी का संपूर्ण जीवन न केवल समाजसेवा को समर्पित रहा, अपितु देहावसान के उपरांत उनका शरीर भी समाज के काम आएगा। अंतिम संस्कार के रूप में ‘देहदानÓ का निर्णय वैसा ही है जैसे ऋषि दधीचि ने अपना अस्थि तक दान कर दिया था।
सीएम साय ने कहा कि निष्कलंक, निष्पाप, स्वयंसेवक स्व. व्यास जी की सरलता हम राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए भी पाथेय है। उनकी सादगी ऐसी थी कि सांसद रहते हुए भी रेल आरक्षण कराने वे स्वयं टिकट काउंटर पर कतार में खड़े हो जाते थे। भाजपा सदस्यता अभियान के तहत व्यास जी को सदस्य बनाने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा स्वयं उनके आवास पहुंचे थे, तब ही अंतिम बार शीरू भैया से मिलना हुआ था। उनका समूचा जीवन संदेश की तरह रहा। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर, उनके मार्ग का अनुसरण कर ही हम उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रख सकते हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए स्व. गोपाल व्यास को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हम सबके वरिष्ठ और पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल व्यास जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य रहे, साथ ही लोकतंत्र सेनानी के रूप में वे 1975-1977 तक मीसाबंदी भी रहे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों, उनके शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
The post पूर्व सांसद गोपाल व्यास का निधन, मुख्यमंत्री साय ने अंतिम दर्शन कर भावुक मन से दी श्रद्धांजलि appeared first on ShreeKanchanpath.