सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 02 दिसंबर तक*
*कक्षा 6वीं एवं 9वीं में मिलेगा प्रवेश का अवसर*
नवंबर 2026// रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 02 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। सैनिक स्कूल अम्बिकापुर छत्तीसगढ़ राज्य का एकमात्र सैनिक स्कूल है। यह पूर्णतः आवासीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय है, जहां केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा प्रदान की जाती है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनका शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास करना तथा उन्हें राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के माध्यम से सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए तैयार करना है।
वर्तमान में सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में लगभग 600 कैडेट अध्ययनरत हैं। विद्यालय के अब तक 76 कैडेट सैन्य बलों में अधिकारी के रूप में नियुक्त होकर देश एवं प्रदेश का गौरव बढ़ा चुके हैं, जिनमें 70 कैडेट छत्तीसगढ़ राज्य के हैं। इसके अतिरिक्त 150 से अधिक पूर्व कैडेटों ने चिकित्सा, इंजीनियरिंग, बैंकिंग, खेलकूद एवं रेलवे सहित विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों में सफलता प्राप्त की है। इनमें 90 से अधिक कैडेट छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। नारायणपुर जिले के विद्यार्थियों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। जिले के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में प्रवेश के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को अनुशासित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने और भविष्य में देश की सेवा के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।
अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 2027 के माध्यम से कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा की संभावित तिथि 31 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट www.nta.ac.in अथवा https://exams.nta.ac.in/
जिला शिक्षा अधिकारी, नारायणपुर द्वारा जिले के समस्त विद्यालयों के संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 5वीं एवं 8वीं के पात्र छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के संबंध में जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रोत्साहित करें तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराएं। जिला शिक्षा अधिकारी ने इच्छुक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करें। आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर संबंधित विद्यालय के प्राचार्य, प्रधान पाठक अथवा कार्यालय के श्री मनीष यादव से मोबाइल नंबर 9406142896 पर संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।





