*राज्य सलाहकार ने एफएसटीपी सहित कचरा कलेक्शन के कार्य का किया निरीक्षण*
*जिले के विभिन्न ग्राम पंचायत पहुंचकर देखी योजना की जमीनी हकीकत*
कवर्धा अक्टूबर 2026। राज्य सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण छत्तीसगढ़ श्रीमती अभिलाषा आनंद द्वारा कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत जेवडनकला, महराटोला एवं राजपुर में योजना अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण कर मैदानी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। एकदिवसीय प्रवास पर पहुंची राज्य सलाहकार द्वारा मुख्य रूप से (एफएसटीपी) मल कीचड़ उपचार संयंत्र का निरीक्षण किया गया। संयंत्र की कार्यप्रणाली, संचालन एवं रखरखाव की विस्तृत समीक्षा की गई।इसके बाद राज्य सलाहकार द्वारा घर-घर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था का जायजा लिया गया एवं स्व-सहायता समूहो की महिलाओं से विस्तृत जानकारी ली गई। कचरा संग्रहण की नियमितता, पृथक्करण एवं यूजर चार्ज संग्रहण पर चर्चा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश योजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान महिला समूहों को निर्देशित करते हुए कहा गया कि घर-घर कचरा कलेक्शन नियमित रूप से किया जाए। ग्रामीणों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग रखने समझाइए देने की बात कही गई। कचरा कलेक्शन से आजीविका संवर्धन की गतिविधियों को बढ़ावा देने निर्देशित किया गया। जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का प्रभावी क्रियान्वयन रणनीति बनाकर कार्य करने का सुझाव दिया गया। स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना दीदियों तथा स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों के माध्यम से घर-घर जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया गया।निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक, विकासखण्ड समन्वयक एवं संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच,सचिव महिला समूह के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




