छत्तीसगढ़

स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्र हितकारी योजनाओं और शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन की गई समीक्षा*

*स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्र हितकारी योजनाओं और शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन की गई समीक्षा*

*जिला शिक्षा अधिकारी ने संकुल शैक्षिक समन्वयकों को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश*

कवर्धा, अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रानी दुर्गावती चैक कवर्धा के सभागार में जिले के संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक लेकर शासन की छात्र हितकारी योजनाओं एवं शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन के लिए शैक्षिक कैलेण्डर के अनुरूप मूलभूत, प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर कक्षावार, विषयवार एवं कालखण्डवार शैक्षणिक गतिविधियों का समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षाओं के आयोजन, कार्यनीति एवं तैयारी के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की। इस दौरान एम.बी.यू. अपडेशन, अपार आईडी निर्माण, आधार निर्माण की प्रगति, इंस्पायर अवार्ड मानक तथा छात्रवृत्ति से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी पात्र विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने तथा संबंधित कार्यों में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के शत-प्रतिशत प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि किचन गार्डन में प्राथमिकता के आधार पर भूमिगत सब्जियां एवं कंद-मूल जैसे आलू, प्याज, जिमीकंद एवं शकरकंद के साथ मुनगा एवं कटहल जैसे पौधों का रोपण किया जाए, ताकि विद्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग हो सके और वानर एवं अन्य जानवरों से होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सके।

मूलभूत भाषा एवं गणितीय कौशल पर विशेष जोर

शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन के अंतर्गत प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक कक्षाओं में विद्यार्थियों के मूलभूत कौशल को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों को पहाड़ा, बारहखड़ी, हिंदी एवं अंग्रेजी का त्रुटिहीन एवं धाराप्रवाह वाचन कराने के साथ सुलेख, अनुलेखन एवं श्रुतलेखन का नियमित अभ्यास कराने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में विद्या समीक्षा केंद्र एप के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की अनिवार्य एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, विभागीय पोर्टल सीजी स्कूल डॉट इन पर लीव मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश आवेदन करने तथा उपस्थिति संबंधी व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘सुधार छत्तीसगढ़’ एवं तंबाकू नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों पर भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।

‘मैं एआई जागरूक हूं’ विषय पर दिया गया प्रशिक्षण

बैठक के प्रारंभ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन के निर्देशानुसार ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त संयोजन में ‘मैं एआई जागरूक हूं’ विषय पर प्रभावी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रति जागरूक किया गया तथा इससे संबंधित जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा, जिला मिशन समन्वयक श्री विनोद श्रीवास्तव, जिला कार्यालय से सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता, एमआईएस प्रशासक श्री सतीश कुमार यदु तथा विकासखंड नोडल अधिकारी इंस्पायर अवार्ड मानक सहित जिले के संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button