*एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाने कैम्प लगाकर शत-प्रतिशत पात्र किशोरियों का टीकाकरण करें-जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू*
*जिला पंचायत की सामान्य सभा में स्वास्थ्य, कृषि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की हुई समीक्षा*
*जिला पंचायत सदस्यों ने क्षेत्र से जुड़े जनहित के विषय सदन में रखे*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में स्वास्थ्य, कृषि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने की। बैठक में उन्होंने एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि चिन्हांकित पात्र किशोरियों का टीकाकरण कैम्प आयोजित कर शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही एचपीवी टीकाकरण के लाभों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लखपति दीदियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेकर घर-घर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट सहित जिला पंचायत के अन्य सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट ने एचपीवी टीकाकरण की प्रगति एवं इसके लाभ के संबंध में जानकारी चाही। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सदन को बताया गया कि वर्ष 2026-27 में एचपीवी टीकाकरण के लिए 12,004 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 4,399 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है तथा टीकाकरण का कार्य निरंतर जारी है। सीएमएचओ ने बताया कि एचपीवी टीका ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर, जननांगों के मस्सों एवं अन्य संबंधित कैंसर के जोखिम से बचाव में सहायक है। पात्र किशोरियों को निर्धारित आयु सीमा में टीकाकरण कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दीपा पप्पू धुर्वे, श्रीमती अन्नपूर्णा रामगोपाल चन्द्राकर, श्री रामकुमार भट्ट, श्रीमती राजेश्वरी धृतलहरे, श्रीमती पूर्णिमा मनीराम साहू, श्रीमती ललिता रूप सिंह धुर्वे, श्री राजकुमार मेरावी, श्रीमती सुमित्रा विजय पटेल, श्री वीरेन्द्र कुमार साहू, श्री रोशन दुबे, श्रीमती राजकुमारी राजेन्द्र साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गनपत बघेल, श्रीमती दुर्गा सिंह, श्रीमती नंदनी राजकुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि विधानसभा क्षेत्र पंडरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं जिला पंचायत के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी ने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई एवं रख-रखाव की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, आपातकालीन स्थिति के लिए एम्बुलेंस की उपलब्धता तथा शासन द्वारा निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार डॉक्टर एवं अन्य मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम एवं सिकलसेल उन्मूलन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी जानकारी सदन में प्रस्तुत की गई। जिला पंचायत सदस्य श्री वीरेन्द्र साहू ने ग्राम पंचायत मानिकचैरी में डॉक्टर की उपलब्धता तथा सदस्य श्रीमती दीपा पप्पू धुर्वे ने ग्राम पंचायत बदना के ग्राम कंचनार में स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित विषय सदन में रखा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया। उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी ने जिला अस्पताल परिसर के पंजीयन कक्ष को सहायता केंद्र के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। साथ ही जनऔषधि केंद्र को 24 घंटे संचालित रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित विषयों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग के कार्यों की हुई समीक्षा
कृषि विभाग द्वारा खरीफ फसल वर्ष 2026 में विभिन्न उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण की जानकारी सदन में प्रस्तुत की गई। जिले में यूरिया, डीएपी, एसओपी, एसएसपी एवं एनपीके के उपलब्ध भंडार एवं वितरण की स्थिति से सदस्यों को अवगत कराया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में 1,23,239 किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण होना बताया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 99.05 प्रतिशत है। बैठक में आधार सीडिंग एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की जानकारी भी दी गई। उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी ने धान के बदले अन्य फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सदस्य श्री रोशन दुबे एवं जनपद पंचायत पंडरिया की अध्यक्ष श्रीमती नंदनी राजकुमार साहू द्वारा किसान सम्मान निधि से लाभान्वित किसानों की जानकारी मांगी गई। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने उपसंचालक कृषि को आवश्यक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। अब तक 1,71,472 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए जाने की जानकारी सदन में दी गई। कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि योजना के अंतर्गत 430 ग्रामों में कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 435 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। वहीं 341 ग्रामों को हर घर जल ग्राम के रूप में प्रमाणित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
वन नेशन वन राशन कार्ड की दी जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य विभाग द्वारा वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के संबंध में सदस्यों को जानकारी दी गई। बताया गया कि बायोमेट्रिक आधार एवं ओटीपी सत्यापन के माध्यम से पात्र हितग्राही देश के किसी भी स्थान से अपनी पात्रता के अनुसार शासकीय खाद्यान्न सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न जनहित के विषय सदन में रखे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सदस्यों को अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत राशन कार्ड से लाभान्वित पात्र हितग्राहियों को जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा नवीन राशन कार्ड वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं।





