*आईटीआई कवर्धा में 12 अक्टूबर को अप्रेंटिसशिप एवं प्लेसमेंट कैंप*
*फिटर, वेल्डर एवं मैकेनिक ट्रेड में अप्रेंटिसशिप के 100 अवसर, कैरियर मार्गदर्शन भी मिलेगा*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। जिले के युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अग्रणी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), कवर्धा द्वारा नेशनल अप्रेंटिसशिप जागरूकता कार्यक्रम, कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम एवं प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 12 अक्टूबर 2026, दिन सोमवार को प्रातः 10 बजे से शासकीय आईटीआई कवर्धा, सरोधा बांध रोड, ग्राम-तारों (खैरबना), जिला-कबीरधाम में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में जिले के निजी औद्योगिक संस्थानों में अप्रेंटिसशिप के लिए विभिन्न ट्रेडों में रिक्त पदों पर पंजीयन किया जाएगा। इनमें फिटर के 32 पद, वेल्डर के 32 पद तथा मैकेनिक (इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस एंड प्रोसेस प्लांट) के 36 पद, कुल 100 अप्रेंटिसशिप अवसर उपलब्ध हैं। इसके साथ ही निजी संस्थानों द्वारा युवाओं के लिए प्लेसमेंट की प्रक्रिया भी आयोजित की जाएगी।
अप्रेंटिसशिप, रोजगार और कैरियर को लेकर मिलेगा मार्गदर्शन
कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार की नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना, उद्योगों एवं प्रशिक्षणार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देना है। आयोजन के दौरान विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों द्वारा अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप पंजीयन, कैरियर मार्गदर्शन एवं रोजगार से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा
अग्रणी शासकीय आईटीआई कवर्धा के सहायक शिक्षुता सलाहकार एवं प्राचार्य ने जिले के समस्त शासकीय एवं निजी आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों के अंतिम वर्ष के प्रशिक्षणार्थियों एवं उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों तथा रोजगार के इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। प्रतिभागियों से कहा गया है कि वे अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र एवं पासपोर्ट आकार के फोटो अनिवार्य रूप से लेकर आएं, ताकि अप्रेंटिसशिप पंजीयन एवं मार्गदर्शन की प्रक्रिया सरलता एवं शीघ्रता से पूरी की जा सके।





