*त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने अधिकारी नियुक्त*
*कबीरधाम जिले के चारों जनपद पंचायत क्षेत्रों के लिए रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी किए गए नियुक्त*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा 42 एवं छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम, 1995 के नियम 18 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कबीरधाम जिले में विकासखंडवार रिक्त पंचायतों के त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु अधिकारियों की नियुक्ति की है। निर्वाचक नामावली 01 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर निर्धारित कार्यक्रम एवं समय-सारणी के अनुसार तैयार की जाएगी। इसके लिए जिले के चारों जनपद पंचायत क्षेत्रों में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अपील प्राधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जनपद पंचायतवार रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त
जनपद पंचायत कवर्धा क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कवर्धा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार, कवर्धा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सहसपुर लोहारा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार, सहसपुर लोहारा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाया गया है। जनपद पंचायत बोड़ला क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बोड़ला को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार, बोड़ला को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जनपद पंचायत पंडरिया क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पंडरिया को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार, पंडरिया को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर होंगे अपील प्राधिकारी
जिले के चारों जनपद पंचायत क्षेत्रों के लिए कलेक्टर/अपर कलेक्टर को अपील प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। नियुक्त अधिकारी संबंधित जनपद पंचायत क्षेत्र में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने से संबंधित कार्यवाही निर्धारित नियमों एवं कार्यक्रम के अनुसार संपादित करेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया में निर्धारित प्रावधानों एवं समय-सारणी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।





