*जिला अस्पताल कबीरधाम में स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़ा दायरा, नौ माह में 1.35 लाख से अधिक मरीजों को मिला उपचार*
*3.12 लाख से अधिक लैब जांच, 8,256 एक्स-रे, 6,122 सोनोग्राफी और 1,804 सीटी स्कैन किए गए*
*3,016 प्रसव में 866 सर्जरी से, गंभीर और जटिल मामलों के उपचार में जिला अस्पताल की बढ़ी भूमिका*
*डायलिसिस, कीमोथेरेपी और विशेषज्ञ सेवाओं के विस्तार से मरीजों को जिले में ही मिल रही राहत*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ बड़ी संख्या में मरीजों को मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के निर्देशों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार किए जा रहे सुधारों के परिणामस्वरूप जिला अस्पताल कबीरधाम में जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार किया गया। अस्पताल में उपचार, जांच और विशेषज्ञ सेवाओं का दायरा बढ़ने से जिलेवासियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
जनवरी से सितंबर 2026 की अवधि में जिला अस्पताल की ओपीडी में 1 लाख 35 हजार 49 मरीजों ने उपचार कराया। वहीं 11 हजार 505 मरीजों को आईपीडी के माध्यम से भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया। इस अवधि में अस्पताल में कुल 3,016 प्रसव हुए, जिनमें 866 प्रसव सर्जरी के माध्यम से कराए गए। इससे गंभीर एवं जटिल प्रसव के मामलों में जिला अस्पताल की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है।
जांच सुविधाओं का बढ़ा लाभ
जिला अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं का भी बड़ी संख्या में मरीजों ने लाभ उठाया। नौ माह की अवधि में 8,256 एक्स-रे, 6,122 सोनोग्राफी और 1,804 सीटी स्कैन किए गए। वहीं पैथोलॉजी एवं अन्य प्रयोगशाला जांचों को मिलाकर कुल 3 लाख 12 हजार 413 लैब जांच की गईं। इन सुविधाओं से मरीजों को बीमारी की समय पर पहचान और उपचार में काफी सहायता मिली।
सर्जरी एवं गंभीर रोगों के उपचार में भी बढ़ी क्षमता
सर्जरी के क्षेत्र में भी जिला अस्पताल द्वारा महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 1,115 मेजर सर्जरी तथा 1,230 माइनर सर्जरी की गईं। इससे सामान्य से लेकर जटिल मामलों में मरीजों को जिला स्तर पर ही आवश्यक उपचार उपलब्ध हो सका। किडनी रोगियों के लिए अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेवा का भी मरीजों को निरंतर लाभ मिल रहा है। इस अवधि में 32 मरीजों को कुल 3,192 बार डायलिसिस की सुविधा प्रदान की गई। इसी प्रकार कैंसर मरीजों के उपचार के लिए कीमोथेरेपी सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल रही है।
जिले में ही बेहतर उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से कबीरधाम जिले के लोगों को उपचार और आवश्यक जांच के लिए दूसरे बड़े शहरों एवं अस्पतालों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है। विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, आधुनिक जांच सुविधाओं, सर्जरी, प्रसव, डायलिसिस और कीमोथेरेपी जैसी सुविधाओं की उपलब्धता से जिला अस्पताल की सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ा है।
मेडिकल कॉलेज से स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी और मजबूती
कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज का खुलना स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मेडिकल कॉलेज के संचालन से चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बेहतर उपचार और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे कबीरधाम जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की संभावना है। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर उपयोग से कबीरधाम जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिल रही है तथा आम नागरिकों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।





