कई लोगों को खाने के बाद या साथ में कुछ न कुछ मीठा खाने का मन जरूर करता है। ऐसे में अगर आप बाजार की मिठाई खाने से बचते हैं, तो घर पर कुछ रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए ब्रेड मलाई रोल बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। इसे कम सामग्री और समय में आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है।
कभी कुछ मीठा खाने का मन हो या फिर घर में अचानक मेहमान आ जाएं, तो ब्रेड मलाई रोल आसानी से बनाए जा सकते हैं। यह मुंह में रखते ही घुल जाते हैं और इसका स्वाद हर किसी को पसंद आ सकता है। खासकर बच्चों के लिए यह स्वादिष्ट मिठाई की तरह होता है। आइए, जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
ब्रेड (सफेद)- 7-8
फुल क्रीम दूध- आधा लीटर
मिल्क पाउडर- आधा कप
मलाई- 3-4 चम्मच
चीनी- स्वादानुसार
इलायची पाउडर- आधा चम्मच
सूखे मेवे- बादाम
पिस्ता और काजू
केसर- एक चुटकी
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक कड़ाही में आधा लीटर दूध उबलने के लिए रख दें। जब इसमें उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें। इसमें दो चम्मच चीनी, केसर और थोड़ा-सा इलायची पाउडर डालें। दूध को तब तक पकाएं, जब तक वह गाढ़ा होकर रबड़ी की तरह दिखने लगे। अब एक कटोरी में मिल्क पाउडर, ताजी मलाई, चीनी, थोड़ा-सा इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए बादाम, पिस्ता एवं काजू अच्छी तरह मिला लें। अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे, तो इसमें तीन-चार चम्मच दूध मिला लें।
फिर ब्रेड के चारों किनारे चाकू की मदद से काटकर अलग कर दें। इसके बाद बेलन की मदद से ब्रेड को हल्का सा दबाते हुए बेल लें, ताकि यह पतली और चपटी हो जाए। बेलने से ब्रेड नरम हो जाती है, जिससे रोल बनाने में आसानी होती है। अब चपटी ब्रेड पर मिल्क पाउडर और मलाई वाले मिश्रण को चम्मच से अच्छी तरह फैलाएं। फिर हल्के हाथों से ब्रेड को गोल घुमाते हुए इसका रोल बना लें। इसी तरह एक-एक करके सभी रोल तैयार कर लें। इन्हें एक प्लेट में रख दें और इनके ऊपर पहले से तैयार रबड़ी डाल दें। ऊपर से कद्दूकस किए गए सूखे मेवे बिखेर दें। परोसने से पहले इन्हें कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि ब्रेड पूरा दूध सोख ले।





