छत्तीसगढ़

सावन के पवित्र महीने में बाबा भोरमदेव के आंगन में 2 अगस्त से सजेगा संभागीय सरस मेला

*सावन के पवित्र महीने में बाबा भोरमदेव के आंगन में 2 अगस्त से सजेगा संभागीय सरस मेला*

*2 से 6 अगस्त तक संभागीय सरस मेले में आकर्षक वस्तुओं की प्रदर्शनी सह विक्रय के साथ होगा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम*

*दैनिक उपयोग की मनमोहक सामग्रियों, खाद्य पदार्थ और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की सजेगी बगिया*

कवर्धा,  जुलाई 2026/ सावन के पवित्र महीने में बाबा भोरमदेव के आंगन पर संभागीय सरस मेला का आयोजन हो रहा है। जिसमें स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों द्वारा निर्मित शुद्ध स्वदेशी प्राकृतिक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का भव्य प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा। यह आयोजन 02 अगस्त से 06 अगस्त 2026 तक भोरमदेव मंदिर के पास ग्राम पंचायत चौरा विकासखंड बोडला में होगा। विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर की पावन एवं ऐतिहासिक धरा पर आयोजित यह मेला केवल खरीदारी का अवसर नहीं बल्कि ग्रामीण उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय संस्कृति का महोत्सव भी है। यहाँ आपको एक ही स्थान पर ताज़े एवं पौष्टिक मिलेट उत्पाद, स्वादिष्ट घरेलू खाद्य सामग्री, वनोपज आधारित उत्पाद जैसे चार चिरौंजी, महुआ एवं अन्य स्थानीय उत्पाद मिलेंगे।इसके साथ ही हस्तशिल्प एवं हस्तकरघा सामग्री बाँस एवं बेंत से बने आकर्षक उत्पाद घरेलू सजावटी वस्तुएँ, पारंपरिक परिधान तथा अनेक प्रकार के अन्य उपयोगी स्वदेशी सामग्रियां भी उपलब्ध होगी।

2 अगस्त से प्रारंभ होने वाले पांच दिवसीय संभागीय सरस मेले के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से जुड़ी महिला स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रियों से निर्मित विभिन्न उपयोगी वस्तुओं एवं जैविक खाद्य सामग्रियों का उत्पादन करते हुए बहुत ही कम दर पर आम जनता के लिए विक्रय हेतु उपलब्ध कराया जाता है। इन उत्पादों में ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भर भारत का संदेश है। सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने आगे कहा कि आपकी प्रत्येक खरीदारी एक ग्रामीण परिवार की आय बढ़ाती है और महिला उद्यमी का आत्मविश्वास मजबूत करते हुए वोकल फॉर लोकल के संकल्प को साकार करता है। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा जिसमें लोकनृत्य, लोकगीत की प्रस्तुति विभिन्न कलाकारों द्वारा दी जाएगी। संभागीय सरस मेला में आकर्षक उत्पादकों की प्रदर्शनी सह विक्रय के साथ कला एवं परंपरा की रंगारंग प्रस्तुतियाँ आपका मन मोह लेंगी।मेले में सभी आयु वर्ग के लिए अनेक सामग्रियां उपलब्ध रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि संभागीय सरस मेले में दुर्ग संभाग के कबीरधाम सहित जिला दुर्ग, बालोद, राजनंदगांव, बेमेतरा, मोहला- मानपुर- अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़- छुईखदान- गंडई के अतिरिक्त अन्य ज़िलों की महिला स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा उत्पादित आकर्षक सामग्रियों की प्रदर्शनी सह विक्रय के लिए लगभग 45 से 50 स्टॉल लगाया जाएगा। 2 अगस्त से 6 अगस्त तक भोरमदेव मंदिर के पास ग्राम चौरा में आयोजित होने वाले संभागीय सरस मेले का परिवार,मित्रों और प्रियजनों के साथ आनंद उठाया जा सकता है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button