जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत राहौद की होनहार बेटी लारिया गुप्ता ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट मंच प्रस्तुति के बल पर प्रतिष्ठित ‘मिस छत्तीसगढ़ 2026’ का खिताब अपने नाम कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।राज्य स्तरीय सौंदर्य एवं व्यक्तित्व प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में लायरा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति, बुद्धिमत्ता और व्यक्तित्व से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपरा को आधुनिक सोच के साथ प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर उन्हें ‘मिस छत्तीसगढ़ 2026’ का ताज पहनाया गया।साधारण परिवार से आने वाली लारिया गुप्ता की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर ग्रामीण अंचल की बेटियां भी बड़े मंचों पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उनकी उपलब्धि प्रदेश की हजारों युवतियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।
माता पिता व गुरू के मार्गदर्शन से मिली सफलता
लारिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता अवंतिका गुप्ता पार्षद, वार्ड क्रमांक 14, पिता सुनील गुप्ता भाजपा जिला कार्यसमिति, चिकित्सा प्रकोष्ठ, अपने गुरुजनों तथा शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के विश्वास, मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।
सपनों को साकार करने मिलेगी प्रेरणा व आत्मविश्वास
लायरा की इस उपलब्धि पर राहौद सहित पूरे जांजगीर-चांपा जिले में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम पूरे छत्तीसगढ़ में रोशन किया है। उनकी सफलता निश्चित रूप से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए नई प्रेरणा और आत्मविश्वास प्रदान करेगी।





