नए कपड़े खरीदने के बाद पुराने कपड़े अलमारी के किसी कोने में रख दिए जाते हैं। एक समय बाद इन कपड़ों को बेकार समझ लिया जाता है और इन्हें दोबारा नहीं पहना जाता। साड़ियां भी इनमें से एक हैं, जिसका डिजाइन और पैटर्न समय-समय पर बदलता रहता है। जिसकी वजह से महिलाएं नई साड़ियां खरीदती हैं। ऐसे में पुरानी साड़ियों का क्या किया जाए, यह सवाल मन में जरूर आता है। इससे आप बेडरूम को रॉयल लुक दे सकती हैं। दरअसल पुरानी साड़ियों से बेडशीट तैयार की जा सकती है।
अगर आपके पास भी पुरानी साड़ियां हैं, तो उन्हें फेंकने या किसी को देने की बजाय घर के लिए इस्तेमाल में ला सकती हैं। पुरानी साड़ियों का इस्तेमाल करके खूबसूरत बेडशीट बनाई जा सकती है। इसके लिए यहां दिए स्टेप्स को फॉलो कर सकती हैं।
साड़ियों का चुनाव
बेडशीट तैयार करने के लिए आपको सबसे पहले अच्छी साड़ियों का चुनाव करना होगा। आपको किस तरह की बेडशीट चाहिए उसके अनुसार साड़ियों को चुनें। इन्हें अच्छी तरह धोकर सुखा लें। ध्यान रखें कि साड़ियों को बिना धोए इस्तेमाल न करें। इससे बेडशीट बनाते समय धूल-मिट्टी से आपको समस्या हो सकती है।
टुकड़ों में काटें साड़ियां
अब हमें साड़ी के बॉर्डर और पल्लू वाले हिस्से को अलग करना होगा। इन्हें आप डिजाइन बनाने या बेडशीट के कॉर्नर को सजाने के लिए भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इन्हें अलग करके सभी टुकड़ों को समान रूप से कैंची की मदद से काट लें। आपके जिस तरह का डिजाइन सोचा है, साड़ी के टुकड़ों को उसी के अनुसार काटें।
डिजाइन बनाकर टुकड़ों को सिलें
जब आप साड़ियों को टुकड़ों में काट लेंगे तो इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी करें। इसके लिए सभी टुकड़ों को फर्श पर रखकर अपनी पसंद का डिजाइन बनाएं। इससे आपको बेडशीट के साइज और डिजाइन का आइडिया मिल जाएगा कि किस टुकड़े को कहां जोड़ना है। अब टुकड़ों को एक-एक करके जोड़ते हुए बेड के साइज के अनुसार स्ट्रिप्स को लंबा-लंबा सिल लें। अब सभी स्ट्रिप्स को आपस में अच्छी तरह से सिल लें।
बेडशीट की मजबूती
बेडशीट को मजबूत और सुंदर फिनिशिंग देने के लिए पीछे सिंपल कपड़ा लगा सकते हैं। साड़ी से तैयार की गई बेडशीट और कपड़े को आपस में अच्छी तरह से सिल लें। ध्यान रखें कि पीछे का कपड़ा ज्यादा मोटा न हो जिससे बेडशीट भारी नहीं होगी।
किनारों को करें सिक्योर
बेडशीट तैयार करने के बाद आपको चारों तरफ से किनारों को अंदर की ओर सिलाई करना है। इससे फिनिशिंग सुंदर आएगी और किनारों को मजबूती मिल सकेगी। आप चाहें तो बेडशीट के चारों तरफ झालर डिजाइन लगा सकती हैं। इसके लिए बॉर्डर का इस्तेमाल करके उसे चारों तरफ से सिल लें। अब बेडशीट को अच्छी तरह से प्रेस कर लें ताकि यह सुंदर दिखे और सेट हो जाए।
बची हुए साड़ियों के कपड़े से सुंदर तकिए कवर बनाए जा सकते हैं, इससे पूरा सेट तैयार हो सकता है। बेडशीट बनाने के लिए ऐसी साड़ियां चुनें जिनका फैब्रिक मजबूत और सॉफ्ट हो। इसके लिए कॉटन, रेशम या सिल्क की साड़ियां बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं। बेडशीट बनाते समय हल्के और गहरे रंग के कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल करें इससे पूरा लुक आकर्षक लग सकता है। बेडशीट को खूबसूरत बनाने के लिए साड़ी के बॉर्डर से किनारों पर डिजाइन बना सकते हैं





