बेमेतरा : छत्तीसगढ़ ग्राम रोजगार सहायक संघ ने बेमेतरा में धरना प्रदर्शन किया है. इसके बाद रोजगार सहायक संघ ने रैली निकालकर सीएम साय के नाम बेमेतरा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है. रोजगार संघ ने चेतावनी दी है कि वे बीते 20 साल से कम मानदेय पर काम कर रहे हैं. अब परिवार चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए हमारी आर्थिक और सामाजिक संकट को खत्म करने का काम सरकार करे.
रोजगार सहायकों की मांगों पर नजर
रोजगार सहायकों ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी तीन मांगें रखी हैं.
- सचिव पद पर सीधी भर्ती: ग्राम रोजगार सहायकों को सीधे ग्राम पंचायत सचिव के पद पर नियुक्त किया जाए.
- 62 वर्ष तक जॉब सुरक्षा: नियमित वेतनमान निर्धारित करते हुए 62 वर्ष की आयु तक नौकरी की सुरक्षा दी जाए
- टैबलेट की सुविधा: मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम से उपस्थिति दर्ज करने के लिए शासन द्वारा मोबाइल टैबलेट उपलब्ध कराए जाएं.बेमेतरा रोजगार सहायक संघ के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गंधर्व ने अनुकंपा नियुक्ति की मांग की है. इसे लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए मनोज गंधर्व ने कहा कि बीवी जीरामजी हमारे हित में नहीं लगता है.अगर सचिव की भर्ती हो तो रोजगार सहायक की भी पूर्ण भर्ती की जानी चाहिए. उनके वेतनमान निर्धारण हो,जॉब सुरक्षित रहे.
अगर रोजगार सहायक का आकस्मिक निधन होता है तो अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान हो, अन्य कर्मचारियों की भांति हमें भी राज्य सरकार के कर्मचारी का दर्जा मिले. इसी मांग को लेकर आज यह ध्यानाकर्षण रैली निकाली गई है. आगे उग्र आंदोलन भी किया जाएगा- मनोज कुमार गंधर्व, जिला अध्यक्ष, बेमेतरा रोजगार सहायक संघ
रोज नए नए अपडेट से हो रही परेशानी
रोजगार सहायक संघ सदस्य अपरोज बेगम ने कहा कि हर रोज नया अपडेट आ रहा है. हम धूप में खड़े होकर अपने ऐप को अपडेट ही करते रहते हैं. इसमें हमारे संसाधनों की हानि होती है. हमारा ही मोबाइल, हमारा ही पैसा, और हमारा ही संसाधन लगता है. हम चाहते हैं कि शासन हमें एक नया मोबाइल प्रदान करें. जिसमें इन कार्यों को आसानी से किया जा सके.





