एटा। यूपीपीएससी परीक्षा में प्रदेश में 25वीं रैंक हासिल कर एसडीएम बनीं श्वेता गुप्ता का गुरुवार को उनके पैतृक गांव मानिकपुर में स्वागत किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड गांव पहुंचे और श्वेता गुप्ता को पटका पहनाकर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि श्वेता गुप्ता की सफलता पूरे जनपद के लिए प्रेरणा है
इस दौरान विधायक ने कहा कि श्वेता गुप्ता की सफलता पूरे जनपद के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य युवाओं के लिए एक आदर्श उदाहरण है। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप भामाशाह, वीरेंद्र वार्ष्णेय, बोबी वार्ष्णेय, अखिल भारतीय वैश्य महासभा के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्वेता की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सेल्फ स्टडी से हासिल की सफलता
श्वेता गुप्ता ने अपनी प्रारंभिक से लेकर माध्यमिक शिक्षा गांव स्थित केएल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एटा के जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय से स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई पूरी की। छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में निरंतर प्रयास करती रहीं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी के जरिए की।
अपने तीसरे प्रयास में मिली सफलता
तीसरे प्रयास में श्वेता ने यूपीपीएससी परीक्षा में 25वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद पर चयनित होकर अपनी मेहनत को सार्थक किया। हाल ही में घोषित यूपीएससी परिणाम में वह कुछ अंकों से पीछे रह गई थीं, लेकिन उनका लक्ष्य अभी भी आईएएस बनना है और वह इसके लिए निरंतर प्रयासरत हैं।





