शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सावित्रीपुर में न्योता भोज का आयोजन
सांकरा जोंक,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सावित्रीपुर में आज एक आत्मीय एवं प्रेरणादायक न्योता भोज का आयोजन किया गया। यह न्योता भोज विद्यालय के शिक्षक श्री घनश्याम साहू, श्री महेंद्र तांडी एवं श्रीमती जयंती सागर द्वारा अपनी-अपनी बेटियों—वेदिका साहू, लिली तांडी एवं नव्या सागर—के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षक साथियों द्वारा अपनी पारिवारिक खुशी को पूरे विद्यालय परिवार के साथ साझा करने की यह पहल सभी के लिए अनुकरणीय रही। न्योता भोज के उपरांत विद्यालय में एक संक्षिप्त एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री पी. सिदार, एस डी भोई सर,मिडिल स्कूल के प्रधानाध्यापक श्री एस. एल. पटेल तथा संकुल समन्वयक श्री पी. एल. चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्राचार्य श्री सिदार ने अपने उद्बोधन में इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यालय में आपसी सौहार्द, संस्कार एवं पारिवारिक वातावरण को सुदृढ़ करने वाला बताया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षक साथियों को स्नेह-उपहार भी भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन जन्मदिन की शुभकामनाओं एवं तालियों के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इस न्योता भोज आयोजन के लिए तीनों शिक्षक साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





