सर्दियों में ज्यादातर पौधों की ग्रोथ धीमी पड़ जाती है, लेकिन कुछ पौधे थोड़ी देखभाल से इस मौसम में भी अच्छे से पनप सकते हैं. ऐसा ही एक पौधा है काली मिर्च (Black Pepper), जिसे मसालों की रानी कहा जाता है. इसके दाने खाने के स्वाद को तो बढ़ाते ही हैं, साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर होते हैं. वैसे तो यह हर भारतीय किचन में आपको मिल जाएगा, लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि आप इन्हें घर पर गमलों में भी लगा सकते हैं? जी हां, अगर आप चाहें, तो इसे घर की बालकनी या छोटे गार्डन में आसानी से उगा सकते हैं. बस थोड़ी समझ और सही तरीका अपनाना जरूरी है. घर पर काली मिर्च उगाना न केवल एक दिलचस्प गार्डनिंग एक्सपीरियंस है, बल्कि इससे आपको शुद्ध और ऑर्गेनिक मसाला भी मिलेगा. तो चलिए जानते हैं कैसे.सर्दियों में उगाने का सही समय-
काली मिर्च उष्णकटिबंधीय पौधा है, लेकिन इसे सर्दियों में भी उगाया जा सकता है, बस आपको ठंडी हवाओं और पाले (frost) से इसे बचाना होगा. नवंबर से फरवरी तक का समय सबसे उपयुक्त रहता है, क्योंकि इस दौरान पौधा धीरे-धीरे जड़ पकड़ता है.बीज या पौधे से शुरुआत करें-
अगर आप घर में पहली बार काली मिर्च उगा रहे हैं, तो नर्सरी से छोटा पौधा लेना बेहतर रहेगा. हालांकि, चाहें तो पकी हुई मिर्च के दाने (peppercorns) को 24 घंटे पानी में भिगोकर बीज के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें गमले में 1 इंच गहराई तक बो दें और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें.मिट्टी कैसी हो-
सर्दियों में पौधों को गर्म और नमी वाली मिट्टी की जरूरत होती है. इसलिए काली मिर्च के लिए ऐसी मिट्टी चुनें जिसमें जैविक खाद (organic compost) और थोड़ा कोको पीट मिला हो. मिट्टी बहुत सख्त न रखें, वरना जड़ें सांस नहीं ले पाएंगी. pH स्तर 5.5 से 6.5 के बीच सबसे सही रहता है.
पानी और धूप का रखें ख्याल-
ठंड के मौसम में काली मिर्च को ज्यादा पानी देने की जरूरत नहीं होती. हफ्ते में दो बार हल्का पानी देना काफी है. ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो, वरना जड़ें सड़ सकती हैं. पौधे को ऐसी जगह रखें जहां सुबह की हल्की धूप आती हो, सर्दियों की सॉफ्ट सनलाइट इसके लिए परफेक्ट होती है.
बेल को सहारा देना जरूरी-
काली मिर्च का पौधा बेलनुमा होता है, इसलिए इसे ऊपर बढ़ने के लिए लकड़ी, बांस या तार का सहारा देना जरूरी है. जैसे-जैसे बेल बढ़े, उसे धीरे-धीरे सहारे से बांधते रहें ताकि वह गिर न जाए.
खाद और देखभाल-
हर 20–25 दिन में थोड़ा-सा गोबर की खाद या वर्मी-कंपोस्ट डालें. इससे पौधे को पर्याप्त पोषण मिलेगा और उसकी पत्तियां हरी-भरी रहेंगी. अगर बहुत ज्यादा ठंड या ओस पड़ रही है, तो रात में पौधे को किसी कपड़े या शीट से हल्के से ढक दें.
फसल कब तैयार होती है-
काली मिर्च का पौधा आमतौर पर 2 से 3 साल में फल देना शुरू करता है. जब इसके दाने हरे से पीले या लाल दिखने लगें, तो समझ लें कि यह तोड़ने के लिए तैयार हैं. इन्हें सुखाकर स्टोर कर लें, यही असली ब्लैक पेपर है, जो स्वाद और सेहत दोनों में लाजवाब होता है.
सर्दियों में थोड़ी देखभाल और सही तापमान बनाए रखकर आप आसानी से घर पर काली मिर्च उगा सकते हैं. इससे न सिर्फ आपकी रसोई में शुद्ध मसाले की खुशबू फैलेगी, बल्कि एक प्यारा गार्डनिंग एक्सपीरियंस भी मिलेगा.





