देश दुनिया

महागठबंधन में सीएम फेस पर नहीं है कनफ्यूजन, बोले तेजस्वी- समय पर होगा नाम का ऐलान

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कभी भी किया जा सकता है। इस बीच महागठबंधन में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा? इसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। महागठबंधन के घटक दलों में शामिल वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी कह चुके हैं कि चुनाव के बाद तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री होंगे और वो खुद उपमुख्यमंत्री। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता भी अपने नेता यानी तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बताते आए हैं। हालांकि, महागठबंधन में शामिल कांग्रेस ने अब तक तेजस्वी यादव को गठबंधन का सीएम फेस घोषित करने की बात नहीं कही है।अब तेजस्वी यादव ने खुद महागठबंधन में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चुप्पी तोड़ी है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि जनता ही मुख्यमंत्री बनाती है और सीएम फेस को लेकर महागठबंधन में कोई कनफ्यूजन नहीं है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा, ‘हमारे गठबंधन में कोई कनफ्यूजन नहीं है। जनता बदलाव चाहती है। बिहार की मालिक जनता है और वो मुख्यमंत्री बनाती है। अब वो बदलाव चाहती है। आप बिहार के किसी व्यक्ति से जाकर पूछिए या सर्वे कराइए, जवाब मिल जाएगा। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई कनफ्यूजन नहीं है, समय पर घोषित कर दिया जाएगा।’

यात्रा पर तेजस्वी यादव

बहरहाल आपको बता दें कि बिहार विधानसभा में विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव मंगलवार से ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर निकल रहे हैं, जिसकी शुरुआत जहानाबाद से होगी और यह उन जिलों में पहुंचेगी जो ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान छूट गये थे। इस अभियान को मतदाता जागरूकता को लेकर एक महत्त्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

जानकारों का मानना है कि विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की यह यात्रा लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की कोशिश है, जिसे माध्यम बनाकर वे आम लोगों तक पहुंचकर उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, सुधार करवाने और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होने का संदेश देंगे।राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव की यह यात्रा कुल 11 जिलों से गुजरेगी। इस दौरान वे बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, तेघड़ा, बेगूसराय, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, खगड़िया, परबत्ता, बेलदौर, सोनबरसा, सिंघेश्वर, मधेपुरा, छातापुर, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, रोसड़ा, उजियारपुर, समस्तीपुर, सरायरंजन, मोरवा, पातेपुर, महुआ और हाजीपुर आदि विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button