रायपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के लिए 5 करोड़ रुपऐ की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इसके साथ ही, राहत सामग्री लेकर एक ट्रेन छत्तीसगढ़ के लिए रवाना की जाएगी। इस पहल का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने सीएम यादव का आभार जताया है।
एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। मध्यप्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की है। राहत सामग्री से लदी ट्रेन भी जल्द रवाना होगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पड़ोसी राज्य होने के नाते मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ के साथ हर संभव मदद के लिए तत्पर है। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की भावना के अनुरूप, संकट के समय सभी सरकारों को एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए। इसी दृष्टिकोण के साथ मध्यप्रदेश पड़ोसी धर्म का पालन करते हुए छत्तीसगढ़ के बाढ़ पीडि़तों के साथ खड़ा है। भविष्य में भी आवश्यकता पडऩे पर हरसंभव सहायता दी जाएगी।
सीएम साय ने कहा हृदय से धन्यवाद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद मोहन यादव जी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, अपितु आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के हमारे प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा। पुन: धन्यवाद।

The post बस्तर बाढ़ पीडि़तों के लिए एमपी के सीएम मोहन यादव ने दी 5 करोड़ की सहायता राशि, सीएम साय ने जताया आभार appeared first on ShreeKanchanpath.