लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और अंतिम चरण के साथ मतदान प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हो गई। अब चार जून को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। बरेली और आंवला दोनों लोकसभा सीटों की मतगणना परसाखेड़ा में होगी। मतगणना के दिन जिले में शराब-बीयर की सभी दुकानें बंद रहेंगी। बरेली और आंवला लोकसभा सीट की मतगणना चार जून को होगी। सीबीगंज के परसाखेड़ा में मतगणना होनी है। चुनाव आयोग के निर्देश के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने आदेश जारी किया है। इसके अनुसार चार जून सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक जिले में मादक पदार्थ की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। इसमें देसी शराब, अंग्रेजी शराब, बीयर, मॉडल शाप, बार व भांग की सभी थोक व फुटकर दुकानें बंद रहेंगी। आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। अनुज्ञापियों को कोई प्रतिफल देय नहीं होगा। तीसरे चरण में हुआ था मतदान
बरेली और आंवला लोकसभा सीट के लिए तीसरे चरण में सात मई को मतदान हुआ था। बरेली सीट पर 57.88 फीसदी मतदान हुआ था। आंवला में 57.08 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इसी के साथ प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया था। परसाखेड़ा में चार जून को पांच स्तरीय सुरक्षा घेरे में मतों की गिनती होगी। बैरियर, पार्किंग, प्रवेश द्वार की बैरिकेडिंग समेत हॉल के अंदर और बाहर सुरक्षा घेरा होगा
14-14 टेबलों पर होगी मतगणना
कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि नौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग हॉल में एक-एक आरओ टेबल समेत 14-14 टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक टेबल पर चार कार्मिक होंगे। चरणवार परिणाम की सूचना सोशल प्लेटफॉर्म पर साझा की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के साथ मतगणना हॉल में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मोबाइल-कैमरे पर प्रतिबंध
मतगणना कार्मिक, राजनीतिक दलों के एजेंट भी मोबाइल फोन, कैमरा नहीं ले जा सकेंगे। विजय जुलूस निकालने पर भी प्रतिबंध रहेगा। बहेड़ी के ईडीसी (इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट) और बैलेट मतों की गणना पीलीभीत में होगी। बरेली और आंवला लोकसभा क्षेत्र में पड़े पोस्टल और ईडीसी मतों की गणना के लिए दो अलग हॉल बनाए जाएंगे। सुबह आठ से होगी मतगणना
मतगणना सुबह आठ बजे से होगी लेकिन तीन जून को शाम छह बजे से रूट डायवर्जन लागू रहेगा। मतगणना के दिन परिसर में तीन टेलीकॉम कंपनियों की ब्रॉडबैंड सेवाएं ली गई हैं। ये वाईफाई के जरिये नेट कनेक्शन उपलब्ध कराएंगी, ताकि सूचनाएं तत्काल चुनाव आयोग को भेजी जा सकें।





