देश दुनिया

अंबिकापुर के खरसिया चौक के गड्ढे पर डांस कर बैले डांसर सिद्धार्थ यादव ने दिखाई बदहाली, वीडियो ने खींचा सीएम का ध्यान

अंबिकापुर : अंबिकापुर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों सहित शहर की आंतरिक सड़कों की बदहाली को लेकर शहरवासी अपने-अपने स्तर पर विरोध जता रहे हैं। इसी विरोध का अनोखा तरीका बैले डांसर सिद्धार्थ यादव ने अपनाया।

बैले डांस की वेशभूषा में कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बड़े गड्ढे को दिखाते हुए सिद्धार्थ ने बैले नृत्य की वेशभूषा में नृत्य किया। उद्देश्य था सड़क के गड्ढों की ओर ध्यान खींचना। इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सिद्धार्थ के फॉलोवर की संख्या अधिक हैं। सड़क की बदहाली को दिखाने वाले इस वीडियो को लोगों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते वीडियो प्रसारित हो गया। संभवतः यही वीडियो रहा जिस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संज्ञान लिया।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खरसिया चौक की सड़क में बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करें, स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें। जहां सड़क क्षतिग्रस्त है, पुल-पुलिया के आसपास कटाव या जलभराव है, वहां चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या अन्य किसी एजेंसी की सड़क हो, जिला प्रशासन प्रभावी समन्वय कर त्वरित समाधान करे। वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाकर गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button