अनंतपुर। आंध्रप्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्टाडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक व्यक्ति ने पेड़ काटने वाली आरी से 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर भीषण हमला कर दिया। आरोपी आरी लेकर 10वीं कक्षा में घुसा और छात्रा पर हमला कर दिया। हमले में छात्रा के चेहरे, सिर तथा पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान एक अन्य छात्रा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह भी घायल हो गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि छात्रा कक्षा के अंदर खून से लथपथ पड़ी रही। हमला होते देख वहां मौजूद छात्र और शिक्षक तुरंत हरकत में आए और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। स्कूल के शिक्षकों और छात्रों ने घायल छात्रा को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर खोजबीन शुरू की। पुलिस को इस मामले में जल्द ही सफलता मिली और आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हिंसक घटना से छात्र, शिक्षक और अभिभावक गहरे सदमे में हैं और स्कूल में भारी दहशत का माहौल है। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी छात्रा का दूर का रिश्तेदार था और काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। जब छात्रा ने उसे दूर रहने की चेतावनी दी और कहा कि वह उसके बर्ताव की शिकायत अपने माता-पिता से करेगी। इससे आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। इसी के चलते उसने सरकारी स्कूल की कक्षा के अंदर छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया।
The post स्कूल में 10वीं की छात्रा पर आरी से हमला, हालत गंभीर… बचाव करने वाली सहेली भी घायल appeared first on ShreeKanchanpath.


