छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्क रहने एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश’

नारायणपुर जिले में 28 एवं 29 अक्टूबर को बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी’
’कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्क रहने एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश’
नारायणपुर, अक्टूबर 2026 // भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर संभावित चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से नारायणपुर जिले में भी 28 एवं 29 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा 28 अक्टूबर के लिए जारी चेतावनी मानचित्र में नारायणपुर जिले को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है। संभावित बारिश एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
’कलेक्टर ने दिए आवश्यक तैयारियां एवं सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश’
कलेक्टर नम्रता जैन ने मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा मौसम संबंधी सूचनाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व, पुलिस, पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने तथा संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। कलेक्टर ने विशेष रूप से निचले एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों की पहचान करने, नदी-नालों एवं जलाशयों के जलस्तर पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए संबंधित दलों को आवश्यक उपकरणों सहित तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनहानि रोकने को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।
’जिला प्रशासन ने नागरिकों से की सावधानी बरतने की अपील’
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों एवं खुले स्थानों पर खड़े न हों। तेज बारिश के दौरान नदी-नालों, पुल-पुलियों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें। किसानों एवं ग्रामीणों से भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि एवं अन्य बाहरी गतिविधियां संचालित करने की अपील की गई है।
               कलेक्टर नम्रता जैन ने आम नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम संबंधी चेतावनियां आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाई जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश, जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07781-252214 पर संपर्क कर सूचना दे सकते हैं।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button