छत्तीसगढ़

जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरेंद्र नगर में आयोजित हुआ जन-चौपाल

*जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरेंद्र नगर में आयोजित हुआ जन-चौपाल*

*जल संरक्षण, संवर्धन और संग्रहण को लेकर ग्रामीणों एवं कृषकों से किया संवाद*

कवर्धा, अक्टूबर 2026। जल संसाधन विभाग द्वारा ‘जल जन सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ग्राम वीरेंद्र नगर में जन-चौपाल एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, जल संवर्धन, जल संग्रहण और जल स्रोतों के बेहतर उपयोग को लेकर ग्रामीणों एवं कृषकों से संवाद किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन उपसंभाग क्रमांक-3, सहसपुर लोहारा के उप अभियंता श्री जयप्रकाश एवं उप अभियंता श्री कृष्ण कुमार साहू उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय कृषकों ने सहभागिता की।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कृषकों द्वारा महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद जल संवर्धन एवं जल संग्रहण को बढ़ावा देने के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जन-चौपाल में किसानों ने क्षेत्र में प्रगतिरत सुतियापाट विस्तारीकरण कार्य को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। किसानों ने कहा कि नवीन नहर के निर्माण से ग्राम वीरेंद्र नगर एवं आसपास के क्षेत्र के तालाबों तक निस्तारी के लिए पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे स्थानीय जल संसाधनों को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों एवं कृषकों को लाभ मिलेगा।

कृषकों ने सुतियापाट विस्तारीकरण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का आग्रह किया, ताकि सुतियापाट जलाशय का पानी समय पर क्षेत्र तक पहुंच सके और आगामी ग्रीष्म ऋतु में भी जल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। जन-चौपाल में वीरेंद्र नगर में जल संसाधन विभाग द्वारा पूर्व में निर्मित जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। विभागीय उप अभियंताओं ने कृषकों से जल संरचनाओं के संबंध में उनके व्यावहारिक सुझाव प्राप्त किए तथा उनके संरक्षण, उपयोग और जीर्णोद्धार से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा की।

क्षेत्र में भूजल संग्रहण एवं जल संवर्धन को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कृषकों ने सुतियापाट नहर से नवीन माइनर कैनाल का निर्माण कर उसे वीरेंद्र नगर व्यपवर्तन तक ले जाने का प्रस्ताव रखा। कृषकों ने बताया कि इससे क्षेत्र में जल संग्रहण को बढ़ावा मिलेगा और भूजल स्तर के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। विभागीय अधिकारियों ने इस मांग को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, कृषकों एवं विभागीय अधिकारियों के बीच जल संरक्षण, जल संवर्धन एवं जल संग्रहण को लेकर सार्थक संवाद हुआ। ‘जल जन सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित जन-चौपाल में ग्रामीणों ने जल संसाधनों के विकास एवं संरक्षण से जुड़े सुझाव साझा किए।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button