Blog

सेवा संकल्प अभियान: ड्राइंग, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा

रायपुर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दूसरे दिन रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के समस्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में ड्राइंग, पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इन गतिविधियों में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता   निभाई और अपनी रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ‘सेवा’ और ‘सपना’ की थीम पर अपनी कल्पनाओं को रंगों और शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने निर्धारित शीट पर चित्र बनाए, जबकि हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने ड्राइंग शीट पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत-2047, पर्यावरण संरक्षण तथा देश की सुरक्षा एवं सेना के शौर्य जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने आकर्षक पेंटिंग तैयार कीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।

अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों द्वारा प्रतियोगिताओं के फोटो एवं शॉर्ट वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए। शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं पालकों ने निर्धारित हैशटैग के साथ इन गतिविधियों को साझा कर अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया। प्रतियोगिताओं के आयोजन में शिक्षकों एवं शाला प्रबंधन समितियों ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। संकुल समन्वयकों एवं संस्था प्रमुखों ने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

The post सेवा संकल्प अभियान: ड्राइंग, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button