छत्तीसगढ़

कबीरधाम जिले में सेवा संकल्प अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति

*कबीरधाम जिले में सेवा संकल्प अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति*

*समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

कवर्धा, सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का कबीरधाम जिले में सफल क्रियान्वयन हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने, जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ प्रत्येक परिवार और नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आम नागरिकों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में सेवा संकल्प अभियान के सफल एवं प्रभावी आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की तैयारियां सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बच्चियों का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को स्कूलों एवं अन्य संस्थानों के साथ समन्वय कर पात्र बच्चियों की जानकारी संकलित करने तथा टीकाकरण से वंचित बच्चियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने को कहा। उन्होंने टीकाकरण के महत्व के संबंध में अभिभावकों एवं छात्राओं को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, श्री रामप्रसाद आचला सहित अधिकारी उपस्थित थे।

*स्कूल, आंगनबाड़ी एवं छात्रावास-आश्रमों में पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करें*

कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा छात्रावास-आश्रमों में पर्याप्त एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी भी स्थिति में पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

*जर्जर एवं अत्यधिक पुराने भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं होंगी*

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अत्यधिक पुराने एवं जर्जर भवनों में स्कूल अथवा आंगनबाड़ी की कक्षाएं किसी भी स्थिति में संचालित न की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे भवनों का चिन्हांकन कर आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

*ई-ऑफिस के माध्यम से ही होगा शासकीय कार्यों का संपादन*

बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विभागों में ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि कार्यालयीन कार्यों एवं फाइलों का संधारण एवं संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए। उन्होंने किसी भी स्थिति में मैनुअल पद्धति से फाइल चलाने से बचने तथा शासकीय कार्यों में डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*सुबह 10 बजे तक बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य*

कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय पहुंचने के बाद सुबह 10 बजे तक बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभाग प्रमुखों को नियमित रूप से इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए।

*मुख्यमंत्री घोषणा के कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करें*

बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों की प्रगति में तेजी लाने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।

*बीरेन्द्र नगर एवं रबेली में नवीन महाविद्यालय की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश*

मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत सहसपुर लोहारा विकासखंड के बीरेन्द्र नगर एवं कवर्धा तहसील के ग्राम रबेली में नवीन महाविद्यालय प्रारंभ किए जाने की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।

*शासकीय कार्यालयों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित रखें*

कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय कार्यालयों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण तथा कार्यालयीन वातावरण को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही उन्होंने अनुपयोगी, जर्जर एवं अत्यधिक पुरानी सामग्रियों को नियमानुसार डिस्पोज कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालयों में अनावश्यक सामग्री का जमाव न हो और कार्यस्थल अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए आम नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button