नारायणपुर में विशेष मलेरिया खोजो अभियान
16 व्यक्ति मिले पी.एफ. पॉजिटअगस्त 2026// राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला नारायणपुर में मलेरिया संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विशेष मलेरिया खोजो अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को ग्राम रेंगाबेड़ा, स्वास्थ्य केंद्र/उप स्वास्थ्य केंद्र करमरी, ग्राम पंचायत गोटाबेनूर के आश्रित ग्राम में विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान गांव के कुल 30 घरों में निवासरत 157 लोगों में से 131 व्यक्तियों की मलेरिया जांच की गई। इनमें 23 स्कूली बच्चों की भी जांच शामिल रही। जांच के दौरान 16 व्यक्ति पी.एफ. मलेरिया पॉजिटिव पाए गए, जबकि पी.वी. पॉजिटिव का कोई मामला सामने नहीं आया।
मलेरिया नियंत्रण के तहत ग्रामीणों को मलेरियारोधी दवा-लेपित एलएलआईएन मच्छरदानी के नियमित एवं अधिक से अधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। गांव में 47 लोगों द्वारा एलएलआईएन का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही घरों में मलेरिया रोधी कीटनाशक का छिड़काव कर मच्छरों के नियंत्रण और संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। गांव में कुल घरों में 89 कमरे हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से बुखार आने पर तत्काल मलेरिया की जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवा लेने की अपील की। साथ ही घरों की दीवारों पर मलेरियारोधी दवा का छिड़काव कराने के लिए भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कलेक्टर नम्रता जैन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नारायणपुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राजीव सिंह बघेल एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. डी.के. कश्यप उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वीबीडी सलाहकार डॉ. परमानंद बघेल ने किया। इस अवसर पर उप स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में मलेरिया की रोकथाम के लिए जांच, उपचार, मच्छरदानी के उपयोग, कीटनाशक छिड़काव और जनजागरूकता गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।





