*
*नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने यातायात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान।*
*पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल दुर्गावती चौक में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दी यातायात नियमों की जानकारी।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, दुर्गावती चौक, जिला कबीरधाम में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम उपस्थित रही।
कार्यक्रम के दौरान रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों की आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चलाने से होने वाले जोखिम, सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं तथा अभिभावकों की जिम्मेदारी के संबंध में समझाइश दी गई।
बच्चों को बताया गया कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना न केवल उनके जीवन के लिए जोखिमपूर्ण है, बल्कि यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं की तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक गुप्ता, श्री नीलम यदु, श्रीमती नीलिमा जनार्दन, श्री कल्प गंधर्व, श्री जगदीश साहू, श्रीमती प्रतिमा झा, सुश्री साक्षी पाण्डे, श्री आशीष चंद्रवंशी, श्री राकेश साहू, श्री इसकुमार, श्रीमती पुष्पलता टंडन सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कबीरधाम यातायात पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करते हुए सड़क सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।





