*
*पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) द्वारा उप निरीक्षक श्रीमती दिव्या शर्मा के कंधों पर स्टार लगाकर निरीक्षक पद पर पदोन्नति की दी बधाई।*
*पदोन्नति के साथ बढ़ा दायित्व, पुलिस अधीक्षक ने कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए किया प्रेरित।*
पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर, अटल नगर द्वारा जारी आदेश क्रमांक पुमु/स्था/ए-3/एम-4219/2026, दिनांक 02 अक्टूबर 2026 के तहत कबीरधाम जिले में पदस्थ उप निरीक्षक श्रीमती दिव्या शर्मा को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। यह पदोन्नति योग्यता सूची वर्ष 2026 के अंतर्गत की गई है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कबीरधाम में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंजू कुमारी तथा पदोन्नत अधिकारी के परिजन व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कार्यालय अधिकारी, कर्मचारियों की उपस्थिति में श्रीमती दिव्या शर्मा के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें निरीक्षक पद पर पदोन्नति की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एवं उपस्थित अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा मिष्ठान खिलाकर पदोन्नत अधिकारी का अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती दिव्या शर्मा अपने नवीन पद के दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ करते हुए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेंगी।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि पदोन्नति अधिकारी की सेवा, अनुभव एवं कार्यक्षमता के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारियों में वृद्धि का भी प्रतीक है। उन्होंने पदोन्नत अधिकारी को नवीन दायित्वों का निर्वहन पूर्ण समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





