*राजानवागांव में स्वच्छता और नशामुक्ति का दिया संदेश*
*स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशा मुक्त युवा भारत अभियान के तहत चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन*
कवर्धा अगस्त 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत कबीरधाम के तत्वावधान में ग्राम राजानवागांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशा मुक्त युवा भारत अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य अतिथि थाना राजानवागांव के एएसआई श्री तेज लाल निषाद तथा विशिष्ट अतिथि ग्रामोदय संस्था के कार्यकारी निदेशक श्री चंद्रकांत यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री सुजीत गुप्ता ने की। इस अवसर पर मेरा भारत स्वयंसेवक श्री रमन सिंह, प्रधान आरक्षक श्री संतोष साहू तथा शिक्षक श्री शिवेंद्र चंद्रवंशी सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों ने कहा कि स्वच्छता, नशा मुक्ति और युवाओं की सक्रिय सहभागिता विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। युवाओं को माई भारत के माध्यम से देश सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा नशा मुक्त युवा विषय पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों को नशा मुक्त भारत की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही माई भारत स्वयंसेवकों ने युवाओं को उलइींतंजण्हवअण्पद पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में माई भारत स्वयंसेवक रुद्रचरण, दीपक मरकाम, कु. खुशी, कु. कीर्ति एवं कु. बसंती का विशेष योगदान रहा।





