*समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत-2026) में प्रकरण प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी*
*सर्वोच्च न्यायालय में लंबित आपसी सहमति से निपटान योग्य मामलों के लिए 21, 22 एवं 23 अगस्त को होगी विशेष लोक अदालत*
कवर्धा, जुलाई 2026। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा न्याय को सरल, सुलभ एवं सहमति आधारित बनाने के उद्देश्य से आयोजित समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत-2026) के अंतर्गत मामलों को प्रस्तुत करने की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। अब सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को विशेष लोक अदालत के लिए संदर्भित करने हेतु गूगल फॉर्म (थ्वत स्पजपहंजपवदध्।व्त्ै) जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
समाधान समारोह का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 से हो चुका है तथा इसकी परिणति 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के रूप में होगी। इस विशेष लोक अदालत में केवल सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का निराकरण किया जाएगा, जिनका समाधान आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से संभव है।
विशेष लोक अदालत से पूर्व राज्य, जिला, तहसील एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में लगातार सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ तथा संबंधित विधिक सेवा प्राधिकरणों के अधिकारी पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद के समाधान के लिए सहयोग प्रदान कर रहे हैं। पक्षकार इन बैठकों में स्वयं उपस्थित होकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।
इस विशेष लोक अदालत में बैंकिंग विवाद, सिविल प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा, क्षतिपूर्ति प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (एन.आई. एक्ट) से संबंधित मामले, पारिवारिक विवाद, श्रम संबंधी प्रकरण, भूमि अधिग्रहण, संपत्ति कर, सेवा संबंधी विवाद, किरायेदारी एवं बेदखली के मामले, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर संबंधी प्रकरण सहित अन्य ऐसे मामले शामिल किए जाएंगे, जिनका समाधान आपसी सहमति से संभव है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें तथा अपने ऐसे मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल कराकर आपसी सहमति से शीघ्र एवं प्रभावी समाधान प्राप्त करें। सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत-2026) में शामिल कराने के लिए ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक पक्षकार इसे भरकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। गूगल फॉर्म भरना सरल एवं सुविधाजनक है।
अधिक जानकारी के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण देखा जा सकता है। समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत-2026) से संबंधित सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए स्थापित वन स्टॉप (वार रूम) के दूरभाष क्रमांक 011-23115652 एवं 011-23116464 पर संपर्क किया जा सकता है।





