*कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और योजनाओं में तेजी के दिए निर्देश*
*स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर विद्यार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के दिए निर्देश*
*नगरीय पट्टा सर्वे 9 जुलाई से, प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझकर कार्य करने के दिए निर्देश*
*प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, पीएम आवास और एग्रीस्टेक कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश*
*कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक*
कवर्धा, जुलाई 2026। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, स्कूलों में आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व, एग्रीस्टेक, कृषि, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल, एडीएम श्री विनय पोयाम, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर बनाए आयुष्मान कार्ड*
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर बच्चों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। इसके लिए प्रत्येक स्कूल की सूची तैयार कर यह चिन्हित किया जाए कि किन विद्यार्थियों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं। उन्होंने आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार कराने तथा शिविर आयोजित कर सभी पात्र विद्यार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य विभाग से राशन कार्ड का डाटा प्राप्त कर छूटे हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनका भी आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
*आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों में भी लाई जाए तेजी*
बैठक में स्कूलों के माध्यम से बनाए जा रहे आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिक्षक विद्यार्थियों से आवेदन पत्र भरवाकर समय पर संबंधित तहसीलों को भेजना सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों को समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध हो सकें और उन्हें आगे की शैक्षणिक प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
*9 जुलाई से शुरू होगा नगरीय पट्टा सर्वे अभियान*
कलेक्टर श्री वर्मा ने नगरीय क्षेत्र में प्रस्तावित पट्टा सर्वे अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि 9 जुलाई से गठित सर्वे दल नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में सर्वे कार्य प्रारंभ करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। सर्वे से पहले सभी दलों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें उन्हें सर्वे की प्रक्रिया, नियमों और आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझकर कार्य करने को कहा।
*एग्रीस्टेक में शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूरा करें*
कलेक्टर ने एग्रीस्टेक योजना के अंतर्गत किसान पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित तहसीलदारों को निर्देश दिए कि जिन किसानों का पंजीयन अभी शेष है, उनका पंजीयन अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि किसान शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
*राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें*
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और राजस्व सेवाओं का लाभ लोगों को निर्धारित समय में मिलना चाहिए। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
*प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में प्रगति बढ़ाने के निर्देश*
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में योजना के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति लाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा परिवारों से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि अधिकाधिक लोगों को सौर ऊर्जा का लाभ मिल सके और योजना के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित हो।
*प्रधानमंत्री आवास योजना में निर्माण कार्यों में लाई जाए तेजी*
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की ब्लॉकवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाए।





