Blog

जशपुर में बुजुर्ग की हत्या, पारिवारिक विवाद में बहू ने रची साजिश… महिला सहित चार गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बुजुर्ग की हत्या का मामला पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया। शनिवार 4 जुलाई को घर पर बुजुर्ग की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली थी। इस मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि वारदात की मास्टरमाइंड बुजुर्ग की बहू निकली। बहू ने पारिवारिक विवाद के कारण बुजुर्ग की हत्या का प्लान बनाया। पुलिस ने इस मामले में बहू सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

portal add

मिली जानकारी के अनुसार 4 जुलाई 2026 को थाना दुलदुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोड़ाजोर निवासी  चुगरू प्रधान (70) अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे तथा शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना एवं संदेहियों से गहन पूछताछ प्रारंभ की।

विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची, योजना के अनुसार 3 व 4 जुलाई की मध्यरात्रि आरोपी मोटरसाइकिल से बुजुर्ग के घर पहुंचे, दरवाजा खुलवाकर उन्होंने लकड़ी के फट्टे एवं मुक्कों से मारपीट की।  इसके बाद बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए तथा मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल एवं 04 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। स अंधे हत्याकांड का त्वरित खुलासा करने में थाना दुलदुला पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम एवं विवेचना में शामिल समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सतर्कता, तकनीकी विश्लेषण एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप गंभीर अपराध का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा संभव हो सका।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सुगंती बेसरा, उम्र 36 वर्ष, निवासी **ग्राम बोड़ाजोर, थाना दुलदुला, जिला जशपुर।
  2. साहिल उर्फ राजा खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी थाना दुलदुला, जिला जशपुर।
  3. आनंद यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम परसाटोली, थाना दुलदुला, जिला जशपुर।
  4. रोहित सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मधुटोली, थाना जशपुर, जिला जशपुर।

The post जशपुर में बुजुर्ग की हत्या, पारिवारिक विवाद में बहू ने रची साजिश… महिला सहित चार गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button