अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली बैठक शुरू हो गई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, महासचिव चंपत राय बैठक में शामिल हैं। अनिल मिश्रा अभी तक नहीं पहुंचे हैं
चंपत राय और अनिल मिश्रा ने चढ़ावा चोरी की घटना सामने आने के बाद इस्तीफा दिया था। मीटिंग में दोनों के इस्तीफे पर ही फैसला होना है। अनिल मिश्रा के अलावा पदेन सदस्य के. पाराशरण, नृपेंद्र मिश्रा और केंद्र सरकार के प्रतिनिधि प्रशांत लोखंडे और यूपी सरकार के प्रतिनिधि संजय प्रसाद भी नहीं पहुंचे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि चारों ऑनलॉइन जुड़ेंगे।
ट्रस्ट में 14 सदस्य हैं। इनमें से 4 पदेन सदस्य हैं। किसी भी प्रस्ताव को पास करने के लिए दो-तिहाई सदस्यों की सहमति जरूरी है। पदेन सदस्यों के वोट काउंट नहीं होते हैं। चंपत और अनिल इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में 8 सदस्यों में से 6 सदस्यों की सहमति के बाद ही फैसला संभव है।
इससे पहले, सोमवार दोपहर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल ने लेटर जारी करके पहली बार चढ़ावा चोरी पर बयान दिया। उन्होंने कहा- चोरी से मैं आहत हूं। जिसने भी यह पाप किया है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।





