लंबे वक्त से चली आ रहे असमंजस के बीच एक महत्वपूर्ण सफलता में केंद्र और लद्दाख के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर एक चुनी हुई संस्था बनाने पर सहमति जताई। इस संस्था के पास पूर्ण विधायी, कार्यकारी और वित्तीय शक्तियां होगीं। इसके अलावा, सातों जिलों में भी ऐसे ही निकाय बनाए जाएंगे।
दोनों पक्षों ने तीन महीने से ज्यादा के अंतराल के बाद वार्ता फिर से शुरू की। इस वार्ता में पर्यावरणविद् और कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। वांगचुक को मार्च में एनएसए के तहत छह महीने की हिरासत के बाद रिहा किया गया था। वार्ता के दौरान लद्दाख को भूमि, रोजगार और संस्कृति आदि जैसे मामलों में अनुच्छेद 371 के तहत संवैधानिक सुरक्षा प्रदान करने पर सहमति बनी, जैसा कि नागालैंड, सिक्किम और मिजोरम जैसे राज्यों पर लागू होता है।
सरकारी अधिकारी ने बताया कि हालांकि यह व्यवस्था लद्दाख निकायों की राज्य का दर्जा, छठी अनुसूची का दर्जा और विधायिका युक्त केंद्र शासित प्रदेश जैसी केंद्रीय मांगों को पूरा नहीं करती, लेकिन उनकी मूल भावना और सार को समाहित करती है।
केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर प्रस्तावित निर्वाचित निकाय के कार्यकारी प्रमुख को मुख्य सचिव सहित केंद्र शासित प्रदेश के सभी अधिकारी रिपोर्ट करेंगे। इसके अलावा, लद्दाख को संवैधानिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। हालांकि छठी अनुसूची के तहत नहीं बल्कि अनुच्छेद 371 ए, एफ और जी के तहत, जो क्षेत्रीय रीति-रिवाजों, स्वदेशी संस्कृतियों और भूमि अधिकारों की रक्षा करने और समान आर्थिक विकास सुनिश्चित करने से संबंधित हैं।
लेह शीर्ष निकाय और कारगिल लोकतांत्रिक गठबंधन द्वारा यहां गृह मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद जारी एक प्रेस नोट में कहा गया है कि गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि लद्दाख को “फिलहाल” राज्य का दर्जा नहीं दिया जा सकता क्योंकि “वर्तमान में इसमें कर्मचारियों के वेतन जैसे राजस्व व्यय को पूरा करने के लिए पर्याप्त राजस्व सृजन का अभाव है।
हालांकि, इसमें यह भी कहा गया है कि “यह व्यवस्था लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में तब सहायक होगी जब वह राजस्व मानदंडों को पूरा कर लेगा”।
लद्दाख के संगठनों ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश स्तर के निर्वाचित निकाय के कार्यकारी प्रमुख, जिन्हें “मुख्यमंत्री बनाए जाने का प्रस्ताव है”, उनका केंद्र शासित प्रदेश के सभी नौकरशाहों पर नियंत्रण होगा। एक सूत्र ने बताया कि लद्दाख की दोनों स्वायत्त परिषदें भी सभी सात जिलों में “पूर्ण विधायी शक्तियों” वाले निर्वाचित निकायों को स्थान देंगी। गृह मंत्रालय लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश निकाय के संबंध में विशेषज्ञों से परामर्श करेगा
सरकारी सूत्रों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश और जिला स्तर पर पूर्ण विधायी शक्तियों वाले निकायों के गठन पर व्यापक सहमति है, लेकिन उनकी संरचना, स्वरूप और संचालन संबंधी विवरण, जिसमें विधायी ढांचा भी शामिल है, गृह मंत्रालय और लद्दाख के निकाय कानूनी और संवैधानिक विशेषज्ञों के परामर्श से तय करेंगे। लद्दाख के लिए राज्य का दर्जा, छठी अनुसूची का दर्जा, संवैधानिक सुरक्षा और संसद में बेहतर प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर एलएबी और केडीए लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं।पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी। इस महीने यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान संघर्ष के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।





