परेशान वाहन मालिक ने की शिकायत तो पकड़ाया आरोपी
भिलाई। आम्रपाली वनांचल सिटी भिलाई में रहने वाले एक शख्स के घर बीते ढाई साल से ई-चालान आ रहा था। वह भी उस बाइक का जो उनके घर पर खड़ी रहती थी और चालान रायपुर पुलिस द्वारा भेजा जा रहा था। ढाई साल में 47 हजार से ज्यादा का चालान पहुंचने के बाद शख्स दुर्ग एसएसपी के पास पहुंचा और अपनी व्यथा बताई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि रायपुर का एक शातिर इनकी बाइक के नंबर का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अविनाश नायक पिता बेनार नायक ( 36) राजीव आवास, लाल गंगा मॉल के पीछे गोल बाजार रायपुर का रहने वाला है। इसने अपनी दुपहिया वाहन में फर्जी तरीके से सीजी 07 बीके 7848 रजिस्ट्रेशन नंबर का प्लेट लगा रखा था। यह रजिस्ट्रेशन नंबर भिलाई में रहने वाले ज्योति कांत अग्रवाल के बजाज एवेंजर 220 सीसी मोटर साइकिल का है। इस नंबर वाली मोटर साइकिल के रायपुर के बॉम्बे मार्केट से मिलेनियम प्लाजा के बीच लगातार ट्रैफिक नियम उलंघन करने का ई चालान अग्रवाल को मिल रहा था। जबकि इस दौरान उन की मोटर साइकिल घर पर ही खड़ी रही और न तो वे और न ही उनके किसी रिश्तेदार ने उसमें रायपुर का सफर किया है। आखिरकार भविष्य में कानूनी उलझन में पड़ने की आशंका को देखते हुए ज्योति कांत अग्रवाल ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के समक्ष 20 अप्रैल को लिखित में शिकायत की। जिसके बाद आरोपी अविनाश नायक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बताया जा रहा है कि 7 नवंबर 2023 से 29 मार्च 2026 के दौरान ज्योति कांत अग्रवाल को अलग अलग कुल 11 ई चालान मिलें हैं। जिसमें चालानी राशि 47 हजार 500 रुपए है। पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र के अनुसार 7 नवंबर 2023 को 2000 रुपए, 01 दिसंबर 2023 को 5000 रुपए, 06 जनवरी 2024 को 5000 रुपए, 10 जून 2024 को 5000 रुपए, 27 सितंबर 2024 को 5000 रुपए, 11 दिसंबर 2024 को 5000 रुपए, 16 मई 2025 को 500 रुपए, 24 अक्टूबर 2025 को 5000 रुपए, 04 फरवरी 2026 को 5000 रुपए, 23 मार्च 2026 को 5000 रुपए और 29 मार्च 2026 को 5000 रुपए का ई चालान ज्योति कांत अग्रवाल को मिला।
The post ढाई साल से घर पर खड़ी रही बाइक और पहुंच गया 47 हजार का ई-चालान appeared first on ShreeKanchanpath.





