देशभर में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। खासकर, दक्षिण भारत के राज्यों में अगले 48 घंटों तक मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन विकसित होने से तमिलनाड में आंधी के साथ भारी बारिश एवं कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र व मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों में कोहरा छाए रहने एवं तापमान गिरने की संभावना है। आईएमडी का कहना है कि 11 से 15 जनवरी तक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में दिनभर शीतलहर चलने और घना से अति घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है, जिससे कोल्ड डे जैसे हालात रहेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि सुबह पाला गिरेगा और कोहरे के कारण विजिबिलिटी प्रभावित होगी, जिससे हवाई, रेल और सड़क यातायात स्लो रहेगा। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊचे हिस्सों पर बर्फबारी जारी रहेगी, जिससे कड़ाके की ठंड सताएगी।
दिल्ली-एनसीआर को फिलहाल सर्दी और पॉल्यूशन से राहत की उम्मीद नहीं है। पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के बावजूद एक्यूआई कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में हवा की क्वालिटी खतरनाक श्रेणी में है और कई जगह 400 के पार पहुंच गया। प्रदूषण, ठंड और घने कोहरे ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठिठुरन भरी सर्दी से निजात के आसार नहीं हैं। 11 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित करेगा।
कहां कितना पॉल्यूशन?
दिल्ली में प्रदूषण बड़ी समस्या बना हुआ है, जिससे लोगों को साफ हवा नशीब नहीं हो रही है। सीपीसीबी के हवाले से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को नरेला में एक्यूआई 343, नेहरू नगर में 428, पंजाबी बाग में 373, पूसा में 383, आरके पुरम में 392, आनंद विहार में 425, चांदनी चौक में 408, अशोक विहार में 369, बवाना में 354 एक्यूआई दर्ज किया गया। नोएडा की बात करें तो एक्यूआई 358 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में एक्यूआई 348, लोनी में 368 में एक्यूआई, जो गंभीर श्रेणी को दर्शाता है। सीपीसीबी ने बताया कि 0 से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है
बिहार-बंगाल का आज मौसम
बिहार के लिए मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान करीब 15 जिलों में कोहरे और सर्दी का येलो और 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासकर, राजधानी पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी, सारण और समस्तीपुर में दिन भर शीतलहर चलने से कोल्ड डे की स्थिति रहेगी, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी और घने से अति घना कोहरा छाया नजर आएगा, जिससे विजिबलिटी कम होगी और ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चलेंगी और कई रद्द रहेंगी। उधर, पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी , जिसकी वजह से कड़ाके की ठंड महसूस होगी है। अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाए रहेगा। कोलकाता समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान गिरेगा और कड़ाके की सर्दी महसूस होगी।
यूपी में आज सर्दी-बारिश का मौसम
उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बर्फीली हवाएं बहने से सिहरन महसूस हो रही है। आईएमडी ने 11, 12, 13 जनवरी को करीब 30 जिलों में घने से अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। रविवार और सोमवार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। नोएडा, गाजियाबाद, हापुण, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, बागपत, सहारनपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, टूंडला, झांसी, बांदा, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया और वाराणसी समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं एवं घना से अति घना कोहरा छाया रहेगा और दिन भर शीतलहर बहने का अलर्ट है। भीषण कोहरे के चलते गिरती विजिबिलिटी के कारण ट्रेनों अपने निर्धारित समय से ट्रेनें काफी विलंब से चलेंगी और कई गाड़ियां रद्द रहेंगी।
राजस्थान में आज का मौसम
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में घना से अति घना कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने का अनुमान है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, रविवार और सोमवार को राज्य के अधिकतर जिलों में शीतलहर के कारण शीत दिवस (Cold Day) दर्ज किया जाएगा और मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। गंगानगर में 3.6 डिग्री, दौसा में 3.4 डिग्री, , फतेहपुर में 4.1 डिग्री, अलवर में 3.4 डिग्री, नागौर में 4 डिग्री, पिलानी में 4.2 और लूणकरणसर में 4.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। फिलहाल, अगले एक सप्ताह तक घना कोहरा व ‘शीत दिवस’ की स्थिति बने रहने की संभावना है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास जारी रहेगा।
तमिलनाडु-पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के 5 राज्यों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जारी है। अगले 2 दिन दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बने गहरे दबाव के कारण तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों पर आंधीनुमा तेज हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश होगी। आईएमडी ने 11, 12 और 13 जनवरी को तमिलनाडु के चार जिलों के लिए आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासकर, पुडुचेरी, कराईकल , नागपट्टिनम, मायिलादुथुराई, तिरुवरूर और कुड्डालोर, चेन्नई, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लूर, विल्लुपुरम,कांचीपुरम, कल्लाकुरिची, अरियालुर, तंजावुर, पुदुकोट्टई और रामनाथपुरम जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। कयास ये भी हैं कि तमिलनाडु के कई हिस्सों में 15 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश आज का मौसम
पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड की पहाड़ियां बर्फ की चादर से ढकी हैं सूरज को बादलों के पीछे छिपा नजर आ रहा है। अधिकांश भागों में बर्फीली हवाएं बहने से कड़ाके की सर्दी परेशान कर रही है और कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। आईएमडी के मुताबिक, अगले 2 दिन तक चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रूद्र प्रयाग और बागेश्वर में न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और कई स्थानों पर पाला गिरने एवं कोहरा छाए रहने की संभावना है। उधर, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी से न्यूनतम तापमान माइनस दर्ज किया जा रहा है। खासकर, राजधानी शिमला, सोलन, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर में शीतलहर, घना कोहरा, जबकि लाहौल स्पीति, ताबो, कुकुमसेरी, कुल्लू, मनाली और नारकंडा में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा है।



