सर्दियों में बालों के टूटने-झड़ने, और रूखापन जैसी समस्याएं होना आम बात होती है। ये परेशानी किसी भी उम्र में और किसी भी लिंग के लोगों को अपना शिकार बना सकती है। बालों की समस्याएं सिर्फ महिलाओं या फिर सिर्फ पुरुषों से जुड़ी नहीं होती है। वैसे, देखा जाए तो बालों की समस्याओं का कोई सटीक मौसम भी नहीं होता है। ये परेशानी किसी भी मौसम में हो सकती है। मगर ये ध्यान रखने वाली बात है कि सर्दियों में बालों से जुड़ी समस्याएं कई गुना ज्यादा बढ़ जाती हैं। अगर आप इस तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं, तो इनसे बचाव के लिए तरह-तरह की चीजों का इस्तेमाल करके देख ही चुके होंगे।ऐसे में यहां हम आपको बालों के लिए एक जबरदस्त तेल बनाने का तरीका बताएंगे, अब क्योंकि ये तेल आपको खुद घर पर ही बनाना है तो इसका नेचुरल होना तय है। हम इसमें सभी बेसिक और घर में मौजूद चीजों का इस्तेमाल करेंगे। बता दें कि इस तेल की जानकारी केरल में रहने वाले क्रिएटर संगीत और काव्या ने अपनी एक वीडियो में दी है। उन्होंने अपनी वीडियो में कहा कि इस तेल को बनाने के लिए आपको कुछ मिनट लगेंगे। आइए इस बालों के लिए जबरदस्त तेल को बनाने की विधि जान लेते हैं।
- नारियल का तेल
- मेथी दाना
- करी पत्ता
- एलोवेरा जेल
- तुलसी के पत्ते
- आंवला
(नोट: सामग्री की मात्रा जरूरत के हिसाब से तय करें)
इस तेल को बनाने के लिए आपको कुछ खास नहीं करना है। आप बहुत ही आसानी से कुछ किचन की कॉमन चीजों से मिनटों में इसे बना सकते हैं। इसके लिए आपको सबसे पहले एक पैन में नारियल तेल डालना है। इसे कुछ देर गर्म होने दें और बाद में मेथी के दाने डाल लें। अब इसमें करी पत्ते, आंवला, तुलसी और एलोवेरा जेल डालना है।
आपको इस तेल को तब तक पकाना है, जब तक तेल का रंग बदल नहीं जाता है। इसके बाद तेल को छानकर अलग कर लें। आप इस तेल को बाल धोने से पहले लगाएं। आपको हफ्ते में 2 बार इसका इस्तेमाल करना चाहिए। आइए अब सामग्री से होने वाले फायदे जान लेते हैं।इंटरनेट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, नारियल का तेल बालों को गहराई से पोषण देता है और जड़ों को मजबूत बनाता है। इसमें फैटी एसिड और विटामिन ई की अच्छी मात्रा होती है। इससे बालों की नमी बनी रहती है, जिससे बाल रूखे और टूटने से बच जाते हैं। साथ ही, बालों की नियमित मसाज से हेयर ग्रोथ
और डैंड्रफ कम होता है
मेथी दाना सेहत ही नहीं बालों के लिए भी फायदेमंद होता है। इसमें प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड पाया जाता है, जो बालों को जड़ों से मजबूत बनाता है। ये बालों में चमक बढ़ाता है और स्कैल्प की खुजली जैसी समस्याओं को दूर करता है। मेथी दाने बालों की ग्रोथ तेज होती है और पतले बाल घने दिखने लगते हैं।
करी पत्ते में विटामिन-बी, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो बालों की जड़ों को मजबूती देते हैं। ये समय से पहले बालों को सफेद होने होने से बचाते हैं। साथ ही, इससे बालों की ग्रोथ बढ़ती है और स्कैल्प हेल्दी रहती है।





