भिलाई। दिवाली का त्योहार की शुरुआत के साथ की जुआ खेलने वालों की तादात भी बढ़ जाती है। इधर पुलिस की टीमें भी लगातार जुआरियों की धरपकड़ कर रही है। धनतेरस की रात को नेवई भाठा में जुआरियों पर रेड़ करने गई पुलिस टीम के एक आरक्षक की बाइक को ही फूंक दिया। पुलिस की टीम जुआरियों को पकड़कर लौट रही थी तो देखा कि एक आरक्षक की बाइक जल रही है। इस घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार धनतेरस की रात 18 अक्टूबर को नेवई भाठा में जुआ का फड़ सजे होने की सूचना पुलिस को मिली। जुआरियों को पकड़ने पुलिस वाले बाइक पर सवार होकर निकल पड़े। जुआरियों को उनकी मौजूदगी का अहसास न हो, इसलिए पुलिस वालों ने अपने बाइक दूर में खड़ा किया। फिर पैदल जाकर जुआरियों को पकड़ लिया। जुआरियों को पकड़ने के बाद पुलिस वाले बाइक की ओर लौट रहे थे। तभी पुलिस वाले आरक्षक 1408 भूमेन्द वर्मा की बाइक जलती हुई नजर आई।
बाइक पर आग किसने लगाया यह तो पता नहीं, लेकिन इस वजह से वह पूरी तरह से जलकर खाक में तब्दील हो गई है। मामले की जानकारी मिलते ही एएसपी शहर सुखनंदन राठौर थाने पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी जुआरियों को पकड़ने गए पुलिस वालों से ली। फिलहाल इस मामले में नेवई पुलिस ने अब तक किसी के खिलाफ अपराध कायम नहीं किया है।

The post भिलाई में जुआरियों ने फूंक दी आरक्षक की बाइक, रेड करने पहुंची थी पुलिस की टीम appeared first on ShreeKanchanpath.




