Blog

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को दी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई, बोले- योग मानवता को भारत की अमूल्य देन है

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बनाए रखने  का उत्तम साधन माना गया है। यह भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। अब पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है। उन्होंने कहा कि योग मानवता को भारत की अमूल्य देन है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि योग मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है। उन्होंने कहा कि सभी लोग निरोगी और स्वस्थ जीवन के लिए योग करें। श्री साय ने कहा है कि शारीरिक ऊर्जा, स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास पर योग का काफी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। उन्होंने लोगों से योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जीवन शैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।

office boy girl

योग हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक
सीएम साय ने कहा कि योग हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर बीमारी के इलाज के लिए योग में कोई न कोई उपयोगी आसन अवश्य है। यदि हम नियमित रूप से योग करें तो बीमारियों से बच सकते हैं और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि योग को हमें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्रदान करने वाली एक सम्पूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि यदि हम प्रतिदिन थोड़ा समय योग को दें, तो दीर्घकालीन स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

book now

पीएम मोदी का जताया आभार
सीएम साय ने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आभारी हैं, जिन्होंने योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया योग की महत्ता को समझ रही है। संयुक्त राष्ट्र संघ में प्रधानमंत्री जी द्वारा योग दिवस का प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि योग आज विश्व के सभी देशों में जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि विश्व के 190 से अधिक देशों में इस दिन योग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति और जीवनदायिनी परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

The post मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को दी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई, बोले- योग मानवता को भारत की अमूल्य देन है appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button